Sunday, March 8, 2026
Homeराज्यउत्तराखण्डदेहरादून में कब्जे के आरोप में भाजपा नेता गिरफ्तार

देहरादून में कब्जे के आरोप में भाजपा नेता गिरफ्तार

देहरादून। संपत्ति में घुसकर कब्जा करने और शांति भंग के आरोप में क्लेमेनटाउन थाना पुलिस ने भाजपा महिला मोर्चा की नेता रीना गोयल व उनके दो बेटों समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपित मां-बेटों को शनिवार देर रात गिरफ्तार किया, रविवार को उन्हें ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया है।

एसपी सिटी सरिता डोबाल ने बताया कि सुभाष नगर में बुजुर्ग दंपती डीके मित्तल व उनकी पत्‍नी सुशीला मित्तल निवास करते थे। कोरोना के कारण दंपती की मई महीने में मृत्यु हो गई। दंपती की मृत्यु के पश्चात उनका कोई वारिस नहीं है। उनके एक रिश्तेदार सुरेश महाजन जो कि अमेरिका में रहते हैं, ने कुछ दिन पहले क्लेमेनटाउन थाना पुलिस को फोन कर संपत्ति को सील करने का आग्रह किया, ताकि संपत्ति सुरक्षित रहे। शनिवार को भाजपा नेता रीना गोयल अपने दो बेटों और 60-70 व्यक्तियों के साथ प्लाट में घुस गई और वहां पर हवन पूजन शुरू कर दिया। इसकी सूचना जब सुरेश महाजन को मिली तो उन्‍होंने ईमेल के जरिये क्लेमेनटाउन थाना पुलिस को सूचना दी कि आरोपित डीके मित्तल की संपत्ति में घुसकर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। रीना गोयल ने संपत्ति पर कब्जा करने की नीयत से संपत्ति के बाहर डीके मित्तल व सुशीला मित्तल के नाम से चेरिटेबल ट्रस्ट का बोर्ड लगा दिया। सूचना मिलते ही क्लेमेनटाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बोर्ड व अन्य सामग्री को कब्जे में लेकर रीना गोयल, उनके बेटे लव्य गोयल, ऋषभ निवासी टर्नर रोड क्लेमेनटाउन सहित अनुज सैनी निवासी हसनपुर भगवानपुर, हरिद्वार के खिलाफ शांति भंग, कोविड कर्फ्यू के उल्लंघन और संपत्ति पर कब्जे के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया। अमेरिका में रहने वाले मृतक दंपती के रिश्तेदार ने रीना गोयल के खिलाफ जबरन संपत्ति हड़पने की कोशिश का आरोप लगाते हुए शिकायती पत्र भेजा है।

रीना गोयल भाजपा से निष्काषित

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री रीना गोयल को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने रविवार शाम को उनके निष्कासन पत्र भी जारी कर दिया। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान के अनुसार रीना गोयल के खिलाफ शिकायत मिलने पर यह कार्रवाई की गई है। भाजपा अनुशासित संगठन है। इसमें किसी प्रकार की अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

दंपती की मृत्यु के बाद से ही चल रही थी कब्जा करने की कोशिश

पुलिस की माने तो बुजुर्ग महिला की मृत्यु दो मई को हो गई थी। इसके बाद क्षेत्र की ही एक महिला उनके पति को अपने साथ लेकर चली गई। रीना गोयल ने क्लेमेनटाउन थाने में महिला के खिलाफ शिकायती पत्र दिया। बुजुर्ग की तबीयत खराब होने पर उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां 16 मई को उनकी भी मृत्यु हो गई। मकान को खाली देख उसे हड़पने की कोशिश की जाने लगी। रीना गोयल ने भी संपत्ति के बाहर ट्रस्ट का बोर्ड लगाकर उस पर कब्जा करने की कोशिश की।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments