Saturday, March 7, 2026
Homeदेहरादूनदेहरादून से पंतनगर के लिए जल्द शुरू होगी सीधी हवाई सेवा, 50...

देहरादून से पंतनगर के लिए जल्द शुरू होगी सीधी हवाई सेवा, 50 मिनट में तय होगा सफर

देहरादून– उत्तराखंड सरकार प्रदेश में हवाई सेवाओं के विस्तार की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रही है। इसी क्रम में अब देहरादून से पंतनगर के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इस सेवा के शुरू होने से देहरादून से पंतनगर की दूरी मात्र 40 से 50 मिनट में तय की जा सकेगी, जो वर्तमान में सड़क मार्ग से साढ़े पांच घंटे में पूरी होती है।

नागरिक उड्डयन विभाग के अनुसार, इस योजना पर लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास परिषद (UCADA) ने इस सेवा के संचालन के लिए कंपनी चयन की प्रक्रिया भी जल्द शुरू करने की बात कही है।

पर्यटकों और आम लोगों को मिलेगा लाभ
सीधी हवाई सेवा शुरू होने से आम नागरिकों के साथ-साथ पर्यटकों को भी काफी सहूलियत मिलेगी। खासतौर पर कुमाऊं और गढ़वाल क्षेत्रों के बीच तेज और सुगम संपर्क स्थापित होगा। अनुमान है कि इस सेवा का किराया 5 से 6 हजार रुपये के बीच हो सकता है।

हवाई संपर्क के विस्तार पर विशेष फोकस
राज्य में इस समय पिथौरागढ़ से दिल्ली, देहरादून से नैनीसैनी व पिथौरागढ़, और पिथौरागढ़ से पंतनगर के बीच हवाई सेवाएं संचालित हो रही हैं। वहीं, देहरादून से पंतनगर के बीच अब तक कोई सीधी हवाई या हेली सेवा उपलब्ध नहीं थी। यात्रियों को पंतनगर पहुंचने के लिए पहले पिथौरागढ़ जाना पड़ता था।

हेली सेवाओं में भी तेजी
राज्य में क्षेत्रीय संपर्क योजना (UDAN) और उत्तराखंड हवाई संपर्क योजना के तहत लगातार नए रूट्स पर हेली सेवाएं शुरू की जा रही हैं। वर्तमान में 3 हवाई मार्गों और 20 हेली मार्गों पर सेवाएं संचालित की जा रही हैं। सहस्रधारा, श्रीनगर, जोशियाड़ा, चिन्यालीसौड़, गौचर, हल्द्वानी, अल्मोड़ा, मुनस्यारी सहित कई हेलीपोर्ट से नियमित उड़ानें हो रही हैं। राज्य में 100 से अधिक हेलीपैड विकसित किए गए हैं, जिनका उपयोग आपदा राहत, पर्यटन व अन्य आवश्यक कार्यों में किया जाता है।

पंतनगर और जौलीग्रांट को बनाया जाएगा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट
सरकार राज्य के दो प्रमुख एयरपोर्ट – पंतनगर और देहरादून (जौलीग्रांट) – को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकसित करने की योजना पर भी काम कर रही है। पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार के लिए जमीन अधिग्रहण का कार्य पूरा हो चुका है और निर्माण कार्य प्रगति पर है।

सरकार का उद्देश्य – तेज, सुरक्षित और सुलभ परिवहन
नागरिक उड्डयन सचिव सचिन कुर्वे ने कहा, “प्रदेश में हवाई सेवाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। जल्द ही देहरादून से पंतनगर के बीच हवाई सेवा संचालित करने की योजना है। इस दिशा में कार्यवाही गतिमान है।”

यह योजना उत्तराखंड के भीतर यात्रा को न केवल आसान बनाएगी, बल्कि राज्य के पर्यटन और आपातकालीन राहत तंत्र को भी मजबूती देगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments