Sunday, March 8, 2026
Homeराज्यउत्तराखण्डपांच वर्षीय मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, घटना के बाद से...

पांच वर्षीय मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, घटना के बाद से पिता घर से गायब

प्रतीकात्मक तस्वीर

देहरादून। यहां पांच वर्षीय मासूम की घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने एहतियातन कोरोना सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मासूम का पोस्टमार्टम होगा। घटना के बाद बच्चे का पिता घर से गायब है।

नगर निगम परिसर में बने क्वार्टर में मो. सलीम अपने बेटे आदिल (05) के साथ रहता है। गुरुवार की देर रात आदिल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जब आसपास के लोगों को पता चला तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को दी।

मौके पर पहुंची टीम ने बच्चे का परीक्षण कर उसे मृत घोषित कर दिया। कोरोना नोडल अधिकारी डॉ. अमरजीत सिंह ने बताया कि बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है, इसलिए सैंपल लेकर कोरोना जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही पोस्टमार्टम किया जाएगा।

इधर, एएसपी राजेश भट्ट ने बताया कि बच्चे का पिता मौके पर नहीं मिला है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं आसपास रहने वालों ने बताया कि रात लगभग साढ़े दस बजे नशे में धुत मो. सलीम ने उन लोगों को बताया कि उसका बेटा कुछ बोल नहीं रहा है। तब लोगों ने जाकर देखा तो बच्चा बिस्तर पर पड़ा था। बताया जाता है कि सलीम का दो वर्ष पूर्व अपनी पत्नी से तलाक हो चुका है।

सिंचाई टैंक में गिरने से पांच साल की बच्ची की मौत
नैनीताल में घर के पास बने सिंचाई टैंक में गिरने से कक्षा एक में पढ़ने वाली एक बच्ची की मौत हो गई। घटना से घर में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत गहलना निवासी पंकज सिंह मेहरा की पांच वर्षीय बेटी गायत्री घर के निकट खेत में खेल रही थी, जबकि परिजन दूसरे खेत में काम कर रहे थे।

दोपहर करीब तीन बजे वह खेत में बने सिंचाई टैंक में गिर गई। काफी देर तक बच्ची के नहीं दिखने पर परिजन परेशान हो गए। आखिर में परिजनों ने सिंचाई टैंक में देखा तो गायत्री उसमें गिरी हुई थी। इसके बाद परिजनों ने बच्ची को टैंक से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

ग्रामीणों के मुताबिक गायत्री चार भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। बच्ची की मौत के बाद माता-पिता का रो रोकर बुरा हाल है। मामले की सूचना पर ग्राम प्रधान समेत अन्य ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। खबर लिखे जाने तक कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा था।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments