देहरादून: उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में शनिवार को भी तेज दौर की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की ओर से देहरादून, टिहरी, पौड़ी और हरिद्वार जिलों के कुछ हिस्सों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, इन जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन जैसी स्थिति बन सकती है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
इसके अलावा, अन्य जिलों में भी तेज दौर की बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि आगामी दिनों में, विशेष रूप से 25 सितंबर तक, प्रदेशभर में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, खासकर पर्वतीय और भूस्खलन संभावित इलाकों में।

