देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को उत्तराखंड के आपदा प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण और राहत कार्यों की समीक्षा बैठक करने आ रहे हैं। इस महत्वपूर्ण दौरे को देखते हुए राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि:
“प्रधानमंत्री मोदी जी का उत्तराखंड से विशेष लगाव रहा है। आपदा की इस घड़ी में उनका निरंतर सहयोग और मार्गदर्शन हमें प्राप्त हो रहा है। उनके आगमन से राहत कार्यों को नई गति और मजबूती मिलेगी।”
आपदा के हालात गंभीर
हाल ही में उत्तराखंड में भारी बारिश, भूस्खलन और बाढ़ जैसी घटनाओं से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई सड़कों और गांवों का संपर्क टूट गया है, जबकि अनेक क्षेत्रों में बचाव और पुनर्वास कार्य जारी है।
प्रधानमंत्री का यह दौरा न केवल प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का सीधा अवलोकन करेगा, बल्कि केंद्र सरकार की ओर से संभावित अतिरिक्त सहायता और रणनीति पर भी चर्चा की जाएगी। राज्य प्रशासन प्रधानमंत्री की सुरक्षा और दौरे की रूपरेखा को लेकर अंतिम तैयारियों में जुटा है।

