Sunday, March 8, 2026
Homeराज्यउत्तराखण्डप्रीतम की पुरानी टीम के साथ काम का श्रीगणेश करेंगे नये अध्यक्ष...

प्रीतम की पुरानी टीम के साथ काम का श्रीगणेश करेंगे नये अध्यक्ष गोदियाल

कांग्रेस के नये प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, निवर्तमान अध्यक्ष प्रीतम सिंह के कार्यकाल में गठित कार्यकारिणी के साथ मिलकर ही काम करेंगे। वह नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति के साथ ही पूर्व की कार्यकरिणी को भंग करने की परंपरा पर नहीं चलेंगे। यह जरूर है कि वर्तमान कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए कुछ और लोगों को भी शामिल किया जाएगा। गोदियाल ने ‘हिन्दुस्तान’ को बताया कि वर्तमान कार्यकारिणी बहाल रहेगी। बकौल गोदियाल-मेरे लिए कोई पुराना नहीं। सभी कांग्रेसजन ऊर्जा से भरे हैं व प्रदेश की सत्ता से भाजपा को बेदखल करने को समर्पित होकर काम करेंगे। गोदियाल ने कहा कि पदभार ग्रहण करने से पहले रामपुर तिराहा जाकर शहीदों को नमन करते हुए उनका आशीर्वाद लेकर ही आगे बढ़ेंगे।

इस बीच, गोदियाल ने शुक्रवार को दिल्ली में पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से उनके तुगलक रोड स्थित आवास पर भेंट की। उनके साथ प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव भी थे। गोदियाल ने हरेला पर्व की भेंट के रूप में राहुल को पौधा दिया। साथ ही अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी देने के लिए पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। सूत्रों के अनुसार, दोनों के बीच यह शिष्टाचार भेंट थी। राहुल ने गोदियाल को खुलकर काम करने की इजाजत देते हुए कहा कि तत्काल प्रभाव से चुनावी तैयारी में जुट जाएं। राहुल के बाद गोदियाल ने दिल्ली में अन्य नेताओं से भी मुलाकात की।

अभावों में बीता बचपन
नये प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल का बचपन बेहद गरीबी में गुजारा। गोदियाल ने अपनी पढ़ाई पूरी करने के लिए कड़ा संघर्ष किया। उन्होंने बताया कि बाद में मुंबई में कमाए धन का उपयोग उन्होंने पैठानी में स्वरोजगार और उच्च शिक्षा के लिए राठ डिग्री कॉलेज बनाकर किया।

लिस्ट में ढेरों गलतियां 
कांग्रेस की नेतृत्व परिवर्तन व समितियों के गठन की लिस्ट में भाषाई गलतियों की भरमार है। गणेश गोदियाल को गोदयाल, प्रो.जीतराम को प्रौ.जीतराम, रणजीत
रावत को रंजीत रावत लिखा गया है। पूर्व सीएम हरीश रावत का नाम हरिश जबकि सांसद प्रदीप टम्टा को प्रदीप टमटा लिखा गया है। काजी निजामुददीन के नाम से आधा ‘द’गायब है। मनीष खंडूड़ी-मनीश खंडूड़ी, प्रकाश जोशी-प्रकाष जोशी और राजीव महर्षि-राजीव महरिषी हो गए हैं। अन्य नामों में भी मात्रात्मक गलतियां हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments