Saturday, March 7, 2026
Homeदेहरादूनफुलेट गांव में मकान ढहने से छह लोगों के दबे होने की...

फुलेट गांव में मकान ढहने से छह लोगों के दबे होने की आशंका, कठिन रास्तों के बीच जारी है रेस्क्यू ऑपरेशन

देहरादून: राजधानी देहरादून के रायपुर क्षेत्रांतर्गत मालदेवता के ऊपर स्थित फुलेट गांव में एक मकान गिरने की सूचना से हड़कंप मच गया। मकान के मलबे में छह लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई है। घटना की सूचना मिलने पर एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें तत्काल मौके के लिए रवाना हुईं, लेकिन विकट मार्ग और खराब हालात के चलते टीम को गांव तक पहुंचने में सात घंटे लग गए।

बिजली गुल, अंधेरे में अटका रेस्क्यू ऑपरेशन

मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे प्रशासन को मकान गिरने की सूचना मिली, जिसके बाद रेस्क्यू टीमें भेजी गईं। भारी उपकरणों से लैस एसडीआरएफ के जवानों को 16 किलोमीटर की दुर्गम पहाड़ी पगडंडी से गुजरना पड़ा, जिसे तय करने में करीब सात घंटे लग गए। शाम लगभग 7 बजे टीम गांव पहुंची, लेकिन बिजली गुल होने के कारण अंधेरा फैल गया, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू नहीं हो सका।

स्थानीय लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं

घटना स्थल पर मौजूद स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि मकान में लोग दबे हो सकते हैं, जबकि कुछ लोगों का मानना है कि यह घर खाली था और यहां रहने वाले पहले ही सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए थे। इस मामले में स्पष्टता रेस्क्यू ऑपरेशन के पूर्ण होने के बाद ही मिल सकेगी।

बुधवार सुबह से फिर शुरू हुआ बचाव कार्य

बुधवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने दोबारा राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। टीम को न सिर्फ जर्जर रास्तों से गुजरना पड़ा, बल्कि बिजली और नेटवर्क की समस्या ने भी मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इलाके में एयरटेल का सिग्नल आने की सूचना है, लेकिन बिजली चले जाने के कारण नेटवर्क भी ठप हो गया।

मालदेवता क्षेत्र में भारी नुकसान

मालदेवता क्षेत्र में हालिया भारी बारिश के चलते कई पुल, सड़कें और निजी संपत्तियां क्षतिग्रस्त हुई हैं। प्रशासन ने इस क्षेत्र को संवेदनशील घोषित करते हुए लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

अधिकारियों के अनुसार, राहत कार्य में जुटी टीमें हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं, और जैसे ही स्थिति स्पष्ट होगी, उसकी आधिकारिक पुष्टि की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments