देहरादून – मौसम विभाग और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMP) द्वारा जारी चेतावनी के बाद देहरादून जिले में भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने रेड अलर्ट जारी कर दिया है।
जिले के सभी स्कूल बंद, आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अवकाश
जिला प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से मंगलवार, 16 सितंबर को जिले के सभी शासकीय, गैर-शासकीय और निजी स्कूलों सहित सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है। यह आदेश केवल छात्रों के लिए मान्य होगा। शिक्षक और अन्य स्टाफ को सामान्य रूप से स्कूल आना अनिवार्य रहेगा।
प्रशासन और विभागों को सतर्कता के निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और आपात स्थिति में तत्काल राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सक्रिय हो गए और प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण शुरू कर दिया। मुख्यमंत्री ने राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने और प्रभावित लोगों को हर संभव मदद पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

