देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को विधानसभा भवन, देहरादून में स्थित विभिन्न प्रशासनिक कार्यालयों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विधानसभा सचिवालय, मंत्रीगणों के कक्षों तथा अन्य विभागीय कार्यालयों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों से कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे पारदर्शिता, त्वरित कार्य निष्पादन और जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप सेवा भावना से कार्य करें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनता को सुगम, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएँ देने के लिए सतत प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री ने कार्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं, अभिलेख प्रबंधन, डिजिटलीकरण की स्थिति और जनप्रतिनिधियों एवं आमजन से संबंधित कार्यप्रणालियों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि विधानसभा की कार्यप्रणाली को तकनीकी रूप से और अधिक सक्षम तथा आधुनिक बनाया जा रहा है ताकि सभी कार्य अधिक प्रभावी ढंग से संपादित हो सकें।
निरीक्षण के अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, विधानसभा सचिवालय के अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण भी उपस्थित रहे।

