देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल ने अपने अदम्य साहस, दूरदृष्टि और राष्ट्रनिष्ठ नेतृत्व से देश की अनेक रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत के निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरदार पटेल का राष्ट्रहित सर्वोपरि दृष्टिकोण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका जीवन और कार्य हमें विकसित, सशक्त और एक भारत के निर्माण के लिए निरंतर प्रेरित करता रहेगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने देश की एकता, अखंडता और प्रगति के संकल्प को दोहराते हुए सभी नागरिकों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने की अपील की।

