देहरादून— स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत तिरंगा फहराया। इस अवसर पर उन्होंने अभियान को जन-जन का महाअभियान बताते हुए प्रदेशवासियों से घरों, कार्यालयों और दुकानों पर तिरंगा फहराने की भावनात्मक अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से शुरू हुआ और आज यह राष्ट्रभक्ति का एक जनांदोलन बन चुका है। उन्होंने कहा “तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि हमारी स्वतंत्रता, एकता और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। इसे गर्व और सम्मान के साथ फहराना हर नागरिक का कर्तव्य और सौभाग्य है।” मुख्यमंत्री धामी ने लोगों से आग्रह किया कि 15 अगस्त को अपने घर, दुकान, कार्यालय आदि पर तिरंगा फहराएं।देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करें। तिरंगे के साथ अपनी तस्वीर harghartiranga.com पर साझा करें और इस राष्ट्रीय अभियान में भागीदार बनें।
अभियान का उद्देश्य
‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य देशवासियों में राष्ट्रप्रेम, एकता और राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति सम्मान को बढ़ावा देना है। यह अभियान विशेष रूप से युवाओं और नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का कार्य कर रहा है।

