ऋषिकेश | मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज ऋषिकेश पहुंचे, जहां उन्होंने नगर पालिका मुनि की रेती स्थित पूर्णानंद खेल मैदान में आयोजित 10 दिवसीय सरस मेले का शुभारंभ किया।
मेला उद्घाटन समारोह में उनके साथ वन मंत्री सुबोध उनियाल और ग्रामीण विकास मंत्री गणेश जोशी भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न ग्रामीण उत्पादों और स्वदेशी हस्तशिल्प को बढ़ावा देने के लिए आयोजित इस मेले की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय कारीगरों और महिलाओं को रोजगार के अवसर मिलते हैं।
हालांकि, कार्यक्रम की शुरुआत से ठीक पहले तेज बारिश के चलते आयोजन कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ, लेकिन बारिश रुकने के बाद कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया गया।

