देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सोमवार को सचिवालय परिसर का निरीक्षण करते हुए विभिन्न अनुभागों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सचिवालय में सफाई व्यवस्था की भी समीक्षा की और कई महत्त्वपूर्ण निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने देखा कि कई अनुभाग पुरानी फाइलों से पटे पड़े हैं। इस पर उन्होंने सभी अनुभागों में एक महीने के भीतर फाइलों की छंटनी (Weeding Out) अनिवार्य रूप से कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फाइलों के वीडिंग प्रोसेस संबंधी नियमों को पुनः प्रसारित किया जाए ताकि प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
मुख्य सचिव ने सचिव, सचिवालय प्रशासन को निर्देशित किया कि रिकॉर्ड रूम के लिए शीघ्र ही उपयुक्त स्थान चिन्हित कर एक व्यवस्थित रिकॉर्ड रूम तैयार किया जाए, जहां छांटी गई आवश्यक फाइलों को सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से रखा जा सके।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने इस बात पर भी चिंता जताई कि कुछ अनुभागों के विभिन्न विभाग एक ही कक्ष में संचालित हो रहे हैं। इस पर तात्कालिक समाधान हेतु उन्होंने निर्देश दिए कि 10 से 12 अनुभागों को “पोटा केबिन भवन” में स्थानांतरित कर वहां से संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
मुख्य सचिव ने यह भी निर्देश दिए कि सचिवालय परिसर के अंतर्गत अनुभागों के निरीक्षण हेतु रोस्टर को पुनः प्रसारित किया जाए और सभी अधिकारी निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने-अपने अनुभागों का निरीक्षण सुनिश्चित करें।
साथ ही, उन्होंने सचिवालय परिसर के अंतर्गत स्थित सभी भवनों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित किए जाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर सचिव दीपेन्द्र कुमार चौधरी भी उपस्थित रहे।

