देहरादून: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा में पेपर लीक मामले को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास कूच कर मामले की जांच हाईकोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में सीबीआई से कराने की मांग उठाई।
कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी मुख्यालय में एकत्र हुए और वहां से रैली के रूप में सीएम आवास की ओर रवाना हुए। इस दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शनकारियों ने भर्ती प्रक्रिया में हुई अनियमितताओं पर कड़ी आपत्ति जताई।
इन मांगों को लेकर किया गया प्रदर्शन:
- CBI जांच हो, वो भी हाईकोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में
- अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष को तत्काल बर्खास्त किया जाए
- भर्ती परीक्षा को रद्द कर नई तिथि घोषित की जाए
कांग्रेस का कहना है कि भर्ती परीक्षा में पेपर लीक कर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया है। ऐसे गंभीर मामले में निष्पक्ष जांच आवश्यक है, जो केवल उच्च न्यायालय के सिटिंग जज की निगरानी में सीबीआई जांच से ही संभव है।
कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर आरोप लगाया कि वह दोषियों को बचाने का प्रयास कर रही है और पारदर्शिता का दावा केवल दिखावा बनकर रह गया है। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करेगी।
युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ नहीं सहेंगे: कांग्रेस
पार्टी नेताओं ने कहा कि इस तरह के भ्रष्टाचार ने योग्य और मेहनती युवाओं का भरोसा तोड़ा है। यदि समय रहते जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो यह सरकार की नीयत पर भी सवाल खड़े करेगा।

