देहरादून– उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को राजभवन परिसर में ‘‘भगीरथ उद्यान’’ का उद्घाटन किया। इस अवसर पर महान राजा भगीरथ की भव्य प्रतिमा का अनावरण भी किया गया, जो उद्यान का मुख्य आकर्षण बनी हुई है।
यह प्रतिमा लगभग 10 फीट ऊंची है और इसे 8 फीट ऊँचे ग्रेनाइट के चबूतरे पर स्थापित किया गया है। फाइबर और रेजिन से निर्मित यह कलाकृति हरिद्वार के प्रसिद्ध कलाकार शिवम चौरसिया द्वारा निर्मित की गई है। प्रतिमा के चारों ओर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं, जो उद्यान को हरियाली और आध्यात्मिक वातावरण प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा, “यह प्रतिमा केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि एक जीवंत प्रेरणा-स्तंभ है। यहाँ नक्षत्र, प्रकृति, मंदिर और पर्वत मिलकर उस दिव्य संकल्प का संदेश देते हैं कि जब ध्येय लोक कल्याण हो, तो देवत्व और प्रकृति दोनों ही मार्ग प्रशस्त कर देते हैं।” उन्होंने उद्यान को साकार करने वाले सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा, “यह प्रतिमा राजभवन आने वाले प्रत्येक नागरिक और अतिथियों को कर्तव्यनिष्ठा, लोक कल्याण और भारतीय संस्कृति का संदेश देती रहेगी। यह हमें सदा स्मरण कराएगी कि ‘भगीरथ प्रयत्न’ ही महान लक्ष्यों की प्राप्ति का मार्ग है।”
उद्घाटन से पूर्व राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने राजभवन स्थित राजप्रज्ञेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना की और देश व प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि हेतु प्रार्थना की।
इस अवसर पर सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, विधि परामर्शी कौशल कुमार किशोर, अपर सचिव रीना जोशी, मुख्यमंत्री कार्यालय के अपर सचिव बंशीधर तिवारी, अपर सचिव लो.नि.वि. विनीत कुमार, देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पंडया, उत्तराखण्ड संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिनेश चन्द्र शास्त्री, वित्त नियंत्रक डॉ. तृप्ति श्रीवास्तव, सहायक अभियंता लो.नि.वि. विजय धस्माना, उद्यान अधिकारी दीपक पुरोहित समेत कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

