देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में बुधवार को राज्य कैबिनेट की अहम बैठक आयोजित की जाएगी। सचिवालय में प्रस्तावित इस बैठक में कई विभागों से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की संभावना है। विशेष रूप से विभिन्न विभागों की सेवा नियमावलियों को मंजूरी मिल सकती है।
बैठक में आवास, शहरी विकास, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, आयुष, ऊर्जा और शिक्षा विभाग के प्रस्तावों पर चर्चा होने की उम्मीद है। सूत्रों के अनुसार, बैठक में सेवा नियमावली से जुड़े कई मामलों को अंतिम रूप दिया जा सकता है, जिनका इंतजार लंबे समय से किया जा रहा है।
इसके साथ ही शिक्षा विभाग से संबंधित एससीईआरटी (राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद) के कैडर से जुड़ा एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी कैबिनेट के सामने रखा जा सकता है, जिस पर निर्णय लिए जाने की संभावना जताई जा रही है।
बैठक में प्रदेश के विभिन्न विकास कार्यों और योजनाओं की समीक्षा के साथ-साथ आगामी समय में लागू की जाने वाली योजनाओं पर भी विमर्श किया जा सकता है।
राज्य सरकार के आगामी कदमों और नीतिगत निर्णयों को लेकर यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है।

