देहरादून। शुक्रवार को मेजर ध्यानचंद जयंती के अवसर पर परेड ग्राउंड स्थित बहुउद्देश्यीय क्रीड़ा हाल में आयोजित राष्ट्रीय खेल दिवस – 2025 समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खेल भावना, खिलाड़ियों की उपलब्धियों और उत्तराखंड को “खेलभूमि” बनाने के संकल्प पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेजर ध्यानचंद ने अपने खेल कौशल से न केवल देश को गौरवान्वित किया, बल्कि पूरी दुनिया को भारत की खेल शक्ति से परिचित कराया। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत एक वैश्विक खेल शक्ति के रूप में उभर रहा है और उत्तराखंड भी इस दिशा में अग्रसर है।
खिलाड़ियों को किया सम्मानित, ₹16 करोड़ की सम्मान राशि वितरित
इस अवसर पर विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने पेरिस ओलंपिक 2024 में भाग लेने वाले खिलाड़ी मनदीप कौर, अमीषा रावत और मनोज सरकार को ₹50-50 लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की। वहीं, स्वर्ण पदक विजेता शौर्य सैनी और अभिनव देशवाल को ₹30-30 लाख रुपये से सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही, “मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना” के तहत 3,900 खिलाड़ियों, और “मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजना” के तहत 2,199 खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति की लगभग ₹5.5 करोड़ की राशि भी प्रदान की गई।
उत्तराखंड बना “खेलभूमि”: स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर को नई ऊंचाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अब केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि खेलभूमि भी बन गया है। 38वें राष्ट्रीय खेलों के भव्य आयोजन और उत्तराखंड की 103 पदकों के साथ 7वें स्थान पर ऐतिहासिक उपलब्धि ने राज्य को खेलों के क्षेत्र में नई पहचान दी है।
राज्य में विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया गया है। हल्द्वानी में प्रदेश का पहला खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना की जा रही है। हिमाद्रि आइस रिंक का जीर्णोद्धार कर अंतरराष्ट्रीय स्तर की शीतकालीन प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया है।
8 शहरों में बनेंगी 23 खेल अकादमियां, स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान लागू होगा
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य सरकार शीघ्र ही स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान लागू करने जा रही है, जिसके अंतर्गत प्रदेश के 8 प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियों की स्थापना की जाएगी। हर साल इन अकादमियों में 920 विश्वस्तरीय एथलीटों और 1,000 अन्य खिलाड़ियों को प्रशिक्षण मिलेगा।
नई घोषणाएं: सिंथेटिक ट्रैक और टर्फ की सौगात
मुख्यमंत्री धामी ने दो बड़ी घोषणाएं कीं:
-
परेड ग्राउंड में एथलेटिक सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण,
-
पवेलियन फुटबॉल ग्राउंड में सिंथेटिक फुटबॉल टर्फ की स्थापना।
साथ ही, पदक विजेता मानसी नेगी को खेल विभाग में और मोहम्मद अरशद को पुलिस विभाग में आउट ऑफ टर्न नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए गए।
खेल बजट तीन गुना बढ़ा: मोदी सरकार का योगदान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा “खेलो इंडिया” और “फिट इंडिया” जैसे अभियानों के माध्यम से देश में खेलों को नई दिशा दी जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि केंद्र सरकार ने खेल बजट को तीन गुना बढ़ा दिया है, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन और सुविधाएं मिल पा रही हैं।
उपस्थित गणमान्य
समारोह में सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, खेल मंत्री रेखा आर्या, राज्य स्तरीय खेल परिषद के उपाध्यक्ष हेमराज बिष्ट, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, निदेशक खेल आशीष चौहान सहित खेल विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी व खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

