देहरादून। चेंबर निर्माण और भूमि आवंटन सहित अन्य मांगों को लेकर देहरादून बार एसोसिएशन की हड़ताल आज सोमवार को 21वें दिन भी जारी रही। वकीलों ने अदालत परिसर के सामने हरिद्वार रोड पर धरना देकर सांकेतिक चक्का जाम जारी रखने की घोषणा की है। धरनास्थल पर आंदोलन की आगे की रणनीति को लेकर वकीलों ने विचार-विमर्श भी किया।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल ने बताया कि उनकी प्रमुख मांगों पर सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है, जिसके चलते चक्का जाम और हड़ताल को जारी रखना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि शनिवार को वकीलों ने घंटाघर तक मार्च निकालकर अपनी आवाज प्रशासन तक पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन सरकार और प्रशासन की चुप्पी बरकरार है।
संघर्ष समिति के सदस्यों ने बताया कि मांगों के संबंध में लगातार पत्राचार किया जा रहा है, बावजूद इसके कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं दिख रही। वकीलों का कहना है कि ऐसी परिस्थिति में हड़ताल जारी रखना मजबूरी बन गया है।
हड़ताल के चलते अदालत और रजिस्ट्रार कार्यालय में कामकाज ठप है, जिससे न्यायिक कार्य प्रभावित हो रहा है। बार एसोसिएशन ने साफ किया है कि जब तक मांगों पर स्पष्ट निर्णय नहीं लिया जाता, आंदोलन जारी रहेगा।

