Sunday, March 8, 2026
Homeराज्यउत्तराखण्डवित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल विकासनगर दौरे पर, कांग्रेसियों ने दिखाए काले झंडे,...

वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल विकासनगर दौरे पर, कांग्रेसियों ने दिखाए काले झंडे, 11 हिरासत में

विकासनगर : वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल विकासनगर के दौरे पर हैं। मंगलवार को उन्‍होंने चालदा महाराज मन्दिर में रात्री विश्राम किया। वहीं वित्त मंत्री को काले झंडे दिखाने जा रहे 11 कांग्रेसियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।

बुधवार को मन्दिर में दर्शन करके के बाद वह साहिया मंडल कार्यालय पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने मंत्री का फूल मालाओं से स्वागत किया। मंत्री ने विकासनगर पालिका टाउन हॉल में जनसंवाद भी किया। उन्‍होंने लोगों की समस्याएं सुनकर मौके पर ही निस्तारण किया।

सरकार व जनता के बीच सेतु का कार्य करें कार्यकर्त्ता : अग्रवाल
कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल का मंगलवार को देहरादून ग्रामीण में संगठनात्मक प्रवास हुआ। सेलाकुई पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्त्ताओं ने काबीना मंत्री का स्वागत किया। अग्रवाल ने कार्यकर्त्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें पार्टी का सच्चा सारथी बताया। उन्होंने सरकार और जनता के बीच कार्यकर्त्ताओं को सेतु बनकर कार्य करने का आह्वान किया।

राणा टावर सेलाकुई में आयोजित जनसंवाद में वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है, जो हमारे लिए गर्व की बात है। कहा भाजपा ऐसी पार्टी है जहां हर कार्यकर्त्ता का सम्मान होता है। काबीना मंत्री ने कहा कि भाजपा ने संघर्ष देखा है, इसलिए भाजपा में ही अनुशासन देखने को मिलता है।

अटल जी ने उत्तराखंड बनाया, वह पीड़ा को समझते थे
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई को नमन करते हुए कहा कि अटल जी ने उत्तराखंड राज्य बनाया। वह उत्तराखंड की पीड़ा को समझते थे। कहा कि राज्य में डबल इंजन की सरकार का लाभ प्रदेश की जनता को मिल रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव है। पीएम मोदी जब भी उत्तराखंड आते हैं उनके आगमन से राज्य की जनता को लाभ मिलता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में राज्य की युवा सरकार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सराहनीय कार्य कर रही है। कहा कि सरकार सबका साथ सबका विकास और विकल्प रहित संकल्प के सिद्धांत पर कार्य करते हुए 2025 तक प्रदेश को देश की अग्रणी राज्यों की सूची में शामिल करने के लिए संकल्पित है।

कहा कि इसके लिए जन भावनाओं के अनुरूप राज्य के विकास की दिशा का निर्धारण पर ध्यान दिया जा रहा है। हमारा प्रयास आगामी पांच साल में प्रदेश के ग्रोथ रेट को दोगुना करने का है। प्रदेश के विकास की उनकी अकेले की नहीं बल्कि 1.25 करोड़ प्रदेश वासियों की सामूहिक यात्रा है।

अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश के निर्माण में महिलाओं की अहम भूमिका है, इसीलिए राज्य सरकार महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए वचनबद्ध है। कहा कि राज्य के 23वें स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री धामी ने आंदोलनकारियों के संघर्ष को पाठ्यक्रम में शामिल करने का अनूठा निर्णय लिया है। उन्होंने कार्यकर्त्ताओं को जनता और सरकार के बीच सेतु बन कर कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विधायक विकासनगर मुन्ना सिंह चौहान, विधायक सहसपुर सहदेव पुंडीर, जिलाध्यक्ष मीता सिंह, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य संतोष रावत, प्रदेश मंत्री एससी मोर्चा छेदी लाल भारती, धनदेश उनियाल, पूर्व जिलाध्यक्ष सजंय गुप्ता, अरुण मित्तल, जिला पंचायत सदस्य गीता राम तोमर, मंडल अध्यक्ष सुखदेव फर्स्वाण, नवीन रावत, मंजू नेगी, सीता देवी, सुनीता गुलेरिया, संजय तोमर, राजाराम शर्मा, सुखवीर बुटोला, बलबीर सिंह गुसाईं, दयानंद जोशी आदि मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments