देहरादून। गोवा में आयोजित 56वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI) के तहत हो रहे Waves Film Bazaar–2025 में उत्तराखंड पवेलियन सबसे अधिक आकर्षण का केंद्र बना रहा। 20 से 24 नवंबर तक चले इस फिल्म बाज़ार में देश–विदेश के नामी फिल्म निर्माता व निर्देशकों ने उत्तराखंड की फिल्म नीति, शूटिंग लोकेशन और राज्य सरकार द्वारा दिए जाने वाले सहयोग की भरपूर सराहना की।
राज्य की फिल्म नीति ने खींचा ध्यान
उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी और नोडल अधिकारी डॉ. नितिन उपाध्याय ने बताया कि इस बार उत्तराखंड की भागीदारी बेहद सफल रही।
बंगाली, तमिल, मलयालम, गुजराती, मराठी सहित कई भाषाई उद्योगों के फिल्म निर्माताओं ने उत्तराखंड में शूटिंग करने में रुचि दिखाई। कई विदेशी फिल्म मेकर्स ने भी राज्य में शूटिंग पर सहमति व्यक्त की और नीति की प्रशंसा की। राज्य सरकार के सहयोग, सुगम प्रक्रियाओं और बेहतर सुविधाओं को सभी ने सराहा।
नंदा देवी राजजात यात्रा ने बढ़ाया उत्साह
फिल्म बाज़ार में उत्तराखंड पवेलियन पर आने वाले विदेशी और भारतीय फिल्म निर्माताओं को 2026 में होने वाली विश्व प्रसिद्ध नंदा देवी राजजात यात्रा के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। कई विदेशी फिल्म निर्माताओं ने इस यात्रा पर डॉक्यूमेंट्री शूट करने में रुचि दिखाई।
अंतरराष्ट्रीय फिल्म मेकर्स का विशेष आकर्षण
पवेलियन में कई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय संस्थानों और प्रतिनिधियों ने भी उपस्थिति दर्ज कराई, जिनमें शामिल हैं— Film Art – Hong Kong, Finland Vega, Russia, State Cinema Center – Kyrgyzstan, JETRO – Japan, New Zealand Film Commission, Zero Gravity Pictures
ऑस्ट्रेलियन फिल्म मेकर सुवीं ग्राहम ने बताया कि वे फरवरी 2026 में उत्तराखंड आकर संभावित शूटिंग लोकेशन का दौरा करेंगी।
वैश्विक प्रोडक्शन हाउसेज़ ने की सराहना
अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माता और Bombay Berlin Film Productions (BBFP) के CEO अरफ़ी लांबा ने भी राज्य की फिल्म नीति की सराहना की और कहा कि उनकी कंपनी अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं को उत्तराखंड में शूटिंग के लिए प्रोत्साहित करेगी।
सूचना मंत्रालय ने भी बढ़ाया मनोबल
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के डायरेक्टर फिल्म्स राजेश कुमार शर्मा और उनकी टीम ने भी उत्तराखंड पवेलियन का भ्रमण किया और राज्य सरकार के प्रयासों को सराहा।

