देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सीएम आवास में आपदा प्रबंधन और राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में संभावित भूस्खलन, हिमस्खलन और अन्य प्राकृतिक आपदाओं के प्रति सजग रहने और संवेदनशील स्थलों की त्वरित पहचान करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि चिन्हित संवेदनशील स्थलों पर किसी भी प्रकार की नई बसावट या निर्माण कार्य की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि आपदाओं से बचाव के लिए रोकथाम के उपायों को प्राथमिकता दी जाए तथा जनहित को ध्यान में रखते हुए प्रभावी और ठोस कदम उठाए जाएं।
धामी ने यह भी निर्देश दिए कि प्रदेश के प्राकृतिक जल स्रोतों, नदियों और नालों के किनारों पर किसी भी प्रकार का सरकारी या निजी निर्माण कार्य प्रतिबंधित रहेगा। इसके लिए सभी जिलाधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने के साथ ही इनके क्रियान्वयन की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि इन निर्देशों का उल्लंघन करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य की भौगोलिक संवेदनशीलता को देखते हुए आपदा प्रबंधन को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

