देहरादून— जिला प्रशासन देहरादून ने एक सराहनीय पहल करते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारियों को स्मार्ट सिटी की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान करने का निर्णय लिया है। जिलाधिकारी सविन बंसल ने जनप्रतिनिधियों और सेनानियों के उत्तराधिकारियों से संवाद के दौरान बैठक में ही तत्काल आदेश जारी करते हुए यह ऐतिहासिक फैसला लिया।
बैठक में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की पहली पीढ़ी के उत्तराधिकारियों ने स्मार्ट सिटी और रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की मांग रखी थी। डीएम ने इस पर तुरंत संज्ञान लेते हुए स्मार्ट सिटी की बसों में निःशुल्क यात्रा की व्यवस्था लागू कर दी और रोडवेज बसों में यह सुविधा देने के लिए जीएम से पत्राचार का आश्वासन भी दिया।
डीएम सविन बंसल ने स्पष्ट किया कि यह निर्णय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुरूप लिया गया है, जिन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और उनके परिवारों के सम्मान व सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा, “आजादी के दीवानों की प्रथम पीढ़ी के जीवन को सुगम बनाना जिला प्रशासन का सौभाग्य है।”
इस निर्णय से उत्साहित स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारियों ने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय उनके लिए न केवल सुविधा, बल्कि सम्मान का भी प्रतीक है।
अब स्मार्ट सिटी की बसों में इस सुविधा को लेकर विशेष फ्लेक्स भी लगाए जा चुके हैं, जिससे यह जानकारी सार्वजनिक रूप से प्रसारित हो सके।

