प्रदेश के युवाओं को स्वामी विवेकानंद के विचारों और जीवन दर्शन से जोड़ने के उद्देश्य से इस वर्ष एक नई पहल की गई है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से स्वामी विवेकानंद के विचार, जीवन दर्शन और धार्मिक-सामाजिक मूल्यों पर आधारित रील प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है, जिसमें भाग लेकर युवा नगद पुरस्कार जीत सकते हैं।
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने प्रांतीय रक्षक दल निदेशालय में आयोजित बैठक के दौरान 12 जनवरी को होने वाले युवा दिवस कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक के बाद उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से प्रदेश के अधिक से अधिक युवाओं को स्वामी विवेकानंद के आदर्शों से प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है।
विभाग द्वारा जारी लिंक पर प्रतिभागियों को स्वामी विवेकानंद के जीवन और विचारधारा पर आधारित 60 से 90 सेकंड की रील अपलोड करनी होगी। प्राप्त प्रविष्टियों में से एक चयन समिति द्वारा तीन सर्वश्रेष्ठ रीलों का चयन किया जाएगा। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः 11,000 रुपये, 7,000 रुपये और 5,000 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इस प्रतियोगिता में 15 से 29 वर्ष की आयु के युवा भाग ले सकते हैं।
युवा दिवस पर मिलेंगे एक लाख तक के पुरस्कार
मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि युवा दिवस समारोह के दौरान प्रदेश के तीन युवा मंगल दल और तीन महिला मंगल दलों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए क्रमशः 1 लाख, 50 हजार और 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही नेशनल यूथ अवार्ड प्राप्त करने वाले युवाओं को भी सम्मानित किया जाएगा।
युवा दिवस समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा, जिनके माध्यम से प्रदेश की समृद्ध संस्कृति के विविध रंग देखने को मिलेंगे।

