देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग में वर्दी सामग्री खरीद से जुड़े घोटाले में संलिप्त पाए जाने पर निदेशक होमगार्ड (डिप्टी कमांडेंट) अमिताभ श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच के लिए संयुक्त जांच समिति गठित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
यह मामला वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के दौरान होमगार्ड्स के लिए वर्दी सामग्री की खरीद प्रक्रिया से जुड़ा है। टेंडर प्रक्रिया में वित्तीय अनियमितताओं के आरोप सामने आने के बाद महानिदेशक, होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा, देहरादून द्वारा शासन को भेजी गई रिपोर्ट में नियमों के उल्लंघन और पारदर्शिता के अभाव की पुष्टि हुई थी।
महानिदेशक की संस्तुति पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डिप्टी कमांडेंट अमिताभ श्रीवास्तव को निलंबित करने और संयुक्त जांच समिति के गठन के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति पर सख्ती से काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी स्तर पर अनियमितता या भ्रष्ट आचरण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी पाए जाने वाले अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

