देहरादून के नंदा की चौकी के पास करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से बना नया पुल पहली ही मानसूनी बारिश में क्षतिग्रस्त हो गया। पुल का एक बड़ा हिस्सा धंसने से सड़क पर गहरा गड्ढा बन गया, जिसके कारण वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद करनी पड़ी। हाल ही में तैयार हुए इस पुल के क्षतिग्रस्त होने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने पुल पर यातायात रोक दिया है।
वहीं, शहर के रेंजर्स ग्राउंड क्षेत्र में भारी जलभराव के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। लगातार बारिश से कई इलाकों में जनजीवन भी प्रभावित हुआ।
इधर, उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारों का पूर्वानुमान जारी किया है। वहीं कई जिलों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, ऊधमसिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इन इलाकों में आकाशीय बिजली चमकने और तेज बारिश के दौर भी पड़ सकते हैं।
मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के किनारे नहीं जाने और विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में सतर्क रहने की अपील की है। विभाग के अनुसार दो अगस्त तक प्रदेशभर में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

