Sunday, March 8, 2026
Homeखास खबर1905 सीएम हेल्पलाइन पर एक दिन में कुल 5992 कॉल प्राप्त

1905 सीएम हेल्पलाइन पर एक दिन में कुल 5992 कॉल प्राप्त


देहरादून। संवाददाता। सीएम हेल्पलाइन 1905 के आगाज के 24 घंटे के भीतर 323 शिकायतें दर्ज हो गईं। सरकार ने इस हेल्पलाइन में 44 सरकारी विभागों की 150 सेवाओं को जोड़ा है। इनसे जुड़ी शिकायतों का एक सप्ताह में ही निस्तारण किया जाएगा। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने शनिवार को एकीकृत हेल्पलाइन सेवा 1905 का उद्घाटन किया था। लोग ऑनलाइन या सीधे फोन करके शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। औपचारिक उद्घाटन के बाद पहले ही दिन कॉल सेंटर काफी व्यस्त रहा। राज्यभर से लोग फोन पर विभागों की नाकामी दर्ज कराते रहे।

आपातकालीन मदद भी मिलेगी लोगों को
कॉल सेंटर के बिजनेस हेड मनीष प्रजापति ने बताया कि इस सेंटर का काम मुख्य रूप से सरकारी विभागों के प्रति लोगों की शिकायतों को दर्ज कर उन्हें दूर कराया जाना है। लेकिन, अगर कोई व्यक्ति आपातकालीन मदद के लिए भी फोन करता है तो यहां से संबंधित व्यक्ति को सीधे 100 या 108 नंबर पर लिंक कर बात करवाई जाएगी। इसके लिए 1905 को विशेष लिंक दिया गया है।

सीएम हेल्पलाइन में 44 विभागों को जोड़ा गया है। 150 सेवाएं इसके दायरे में आ गई हैं। यहां से शिकायतें ऑनलाइन ही विभागों तक भेजी जाएंगी। एक हफ्ते में इनका निस्तारण करना होगा। इन शिकायतों के निस्तारण की निगरानी तहसील और ब्लॉक स्तर के साथ ही डीएम से लेकर मुख्य सचिव स्तर तक की जाएगी।

प्रजापति ने बताया कि रविवार शाम 7 बजे तक 323 शिकायतें दर्ज कर संबंधित विभागों को भेजी गईं। सबसे ज्यादा शिकायत लोनिवि, पेयजल और बिजली की हैं। लोग किसान पेंशन योजना के बारे में भी पूछ रहे हैं। पौड़ी और अल्मोड़ा से सबसे अधिक शिकायतें आई हैं। अब तक कुल 5992 कॉल प्राप्त हो चुकी हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments