Saturday, March 7, 2026
Homeदेहरादून16 मार्च को घोषित हो सकते हैं भाजपा प्रत्याशी, मुहर लगने का...

16 मार्च को घोषित हो सकते हैं भाजपा प्रत्याशी, मुहर लगने का इंतजार


देहरादून। उत्तराखंड में लोकसभा की पांचों सीटों के लिए भाजपा प्रत्याशियों का एलान 16 मार्च को हो सकता है। इस दिन दिल्ली में होने वाली पार्टी की संसदीय बोर्ड की बैठक में प्रत्याशियों के नामों पर मुहर लगने की संभावना है। इस बीच पांचों सीटों के लिए मौजूदा सांसदों समेत दो दर्जन दावेदारों के नाम सामने आए हैं। यही नहीं, भाजपा की प्रदेश चुनाव संचालन समिति की अहम बैठक भी शाम को प्रदेश कार्यालय में बुलाई गई है, जिसमें दावेदारों का पैनल तय करने के बाद इसे केंद्रीय नेतृत्व को भेजा जाएगा।

राज्य में प्रथम चरण में लोकसभा चुनाव हो रहे हैं और 18 मार्च से नामांकन प्रक्रिया शुरू होनी है। ऐसे में प्रत्याशियों के नाम का जितनी जल्दी एलान हो जाए, इसके लिए भाजपा कसरत कर रही है, ताकि सभी कार्यकर्ता प्रत्याशियों की जीत के लिए मैदान में मोर्चा संभाल लें। प्रदेश भाजपा की भी कोशिश है कि जितने भी दावेदारों के नाम सामने आए हैं, उनकी सूची जल्द से जल्द केंद्रीय नेतृत्व को भेज दी जाए।

भाजपा की चुनाव प्रबंधन समिति की प्रदेश कार्यालय में केंद्रीय नेताओं की मौजूदगी में हुई मैराथन बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने बताया कि 16 मार्च को दिल्ली में पार्टी के केंद्रीय संसदीय बोर्ड की बैठक है। इससे पहले सभी दावेदारों के नाम केंद्रीय नेतृत्व को भेज दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रथम चरण में हो रहे हैं, लिहाजा प्रत्याशी जितनी जल्दी घोषित हों, उतना अच्छा है।

एक सवाल पर उन्होंने कहा कि मौजूदा सांसदों के अलावा सभी सीटों के लिए लगभग दो दर्जन दावेदारों के नाम सामने आए हैं। प्रदेश चुनाव संचालन समिति की बैठक बुलाकर सभी दावेदारों के पैनल तय कर इसे भेज दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्याशी कौन होंगे, इसे लेकर बोलने का अधिकार उन्हें नहीं है। यह केंद्रीय नेतृत्व का अधिकार क्षेत्र है, लेकिन प्रत्याशी जल्द ही घोषित होंगे।

दून और ऋषिकेश के प्रबुद्ध सम्मेलन में जुटेंगी महिलाएं

लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने जनपद में प्रबुद्ध महासम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसके लिए जिले का ऋषिकेश और महानगर का सम्मेलन दून में होगा। इस सम्मेलन में भाजपा से जुड़ी महिलाओं के अलावा संघ और दूसरे संगठनों की प्रबुद्ध महिलाएं भाग लेंगी। सम्मेलन 18 मार्च को प्रदेशभर में एक साथ होंगे।

भाजपा महिला मोर्चा की जनपद प्रभारी सुधा गुप्ता ने प्रबुद्ध महासम्मेलन की तैयारी बैठक महानगर में ली। उन्होंने कहा कि भाजपा की ताकत महिलाएं हैं। इसके लिए सभी महिलाओं को एकजुट होकर 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए माहौल बनाना होगा। ताकि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दोबारा जनता की सेवा का मौका मिल सके।

उन्होंने का कहा कि महासम्मेलन में पार्टी के अलावा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को भी शामिल किया जाएगा। ऋषिकेश में आयोजित होने वाले जिले के महासम्मेलन में 10 हजार से ज्यादा महिलाओं को आमंत्रित किया जाएगा। इधर, महानगर महिला का प्रबुद्ध महासम्मेलन जीएमएस रोड स्थित चैधरी फार्म हाउस में होगा।

महानगर महिला मोर्चा अध्यक्षा बृजेश गुप्ता और महामंत्री मीना कपूर ने बताया कि सम्मेलन में सभी वर्ग से महिलाएं शामिल होंगी। इसके लिए तैयारियां पूरी ली हैैं। मंडल से लेकर बूथ स्तर पर कार्यकर्ता अधिक से अधिक महिलाओं को सम्मेलन में शामिल कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अलग-अलग हुई बैठक में प्रभारी रुचि भट्ट, अनीता सिंह, अनुराधा वालिया, जिलाध्यक्ष माया पंत, मंजू बलोदी, रचिता ठाकुर, सरिता जोशी, सरोजनी, अनामिका अग्रवाल,अनीता, रमा थापा, ममता, रीना, रोमा सहगल, प्रवीण शर्मा, सरोज गुप्ता, कुमकुम अस्थाना, ममता गर्ग, अनिता मल्होत्रा, उर्मिला त्रिपाठी आदि मौजूद रहीं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments