Sunday, March 8, 2026
Homeदेहरादूनहर विधानसभा में पदयात्रा करेगी भाजपा, सीएम ने की शुरुआत

हर विधानसभा में पदयात्रा करेगी भाजपा, सीएम ने की शुरुआत

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने की पदयात्रा की शुरुआत
देहरादून। महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर आज से भाजपा हर विधानसभा क्षेत्र में 150 किमी. की पदयात्रा करेगी। इसमें पार्टी के सभी सांसद, विधायक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने आज सुबह राजपुर रोड पर बहल चौक से गांधी पार्क तक पदयात्रा कर इसकी शुरुआत की।

केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री डॉ. रमेश पोखिरयाल निशंक आज दोपहर दो बजे नारसन सीमा से पदयात्रा प्रारंभ करेंगे। अल्मोड़ा सांसद अजय टमटा और पौड़ी गढ़वाल के सांसद तीरथ सिंह रावत भी पदयात्रा आज से आरंभ करेंगे। 

पदयात्राओं का कार्यक्रम 31 अक्तूबर तक चलेगा
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ. देवेंद्र भसीन के मुताबिक, हर विधानसभा में आयोजित होने वाली पदयात्रा का नेतृत्व अलग-अलग स्थानों पर केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक व पार्टी के पदाधिकारी प्रतिभाग करेंगे। सांसद अजय टमटा अल्मोडा में पद यात्रा करेंगे। सांसद तीरथ सिंह रावत कोटद्वार में पद यात्रा की शुरुआत करेंगे।

इनके अलावा प्रदेश के विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा विधायक पद यात्रा का प्रारम्भ करेंगे। जिन क्षेत्रों में भाजपा विधायक नहीं हैं, वहां पार्टी के वरिष्ठ नेता यात्रा का नेतृत्व करेंगे। यात्रा के दौरान भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्रपिता के संदेशों का प्रचार करेंगे। पदयात्राओं का कार्यक्रम 31 अक्तूबर तक चलेगा।

निशंक जाएंगे रामपुर तिराहा
उत्तराखंड आंदोलन में मुजफ्फरनगर गोली कांड के शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक मंगलवार को रामपुर तिराहा जाएंगे। वह दोपहर एक बजे वहां पहुंचेंगे।

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सत्य व अहिंसा का सिद्धांत आज भी प्रासंगिक : मुख्यमंत्री 

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने गांधी जयंती के अवसर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का भावपूर्ण स्मरण किया। गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य व अहिंसा का सिद्धांत आज भी प्रासंगिक है। हमें अपने आचरण में अहिंसा का भाव जागृत करने के साथ ही मानवता के प्रति करुणा का भाव पैदा करना होगा। यही हमारी उस महान व्यक्ति के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भी महात्मा गांधी विश्व पटल पर शांति और अहिंसा के प्रतीक है।

पूरा देश इस वर्ष उनकी 150वीं जयंती मना रहा है। संयुक्त राष्ट्र वर्ष 2007 से गांधी जयंती को विश्व अहिंसा दिवस के रूप में मना रहा है। महात्मा गांधी की लोकप्रियता इससे भी परिलक्षित होती है कि भारत में अंग्रेजी राज के विरुद्ध संघर्ष करने पर उनकी प्रतिमा इंग्लैंड की संसद के बाहर स्थापित है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत महात्मा गांधी का सपना था। राज्य सरकार ने स्वच्छता के लिए प्रदेश को सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त करने के अभियान की शुरूआत की गई है। आमजन को भी इसमें अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। मुख्यमंत्री रावत बुधवार को सुबह नौ बजे गांधी पार्क देहरादून में राष्ट्रपिता की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे।

पूर्व पीएम लाल बहादुर शास्त्री को मुख्यमंत्री ने किया याद
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर उन्हें याद कर पुष्पांजलि अर्पित की है। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि लाल बहादुर शास्त्री ने जय जवान जय किसान का नारा देकर देश को संकट के समय स्वाभिमान और एकजुटता के साथ मजबूती से खड़े होने का संदेश दिया। उनके सिद्धांत एवं आदर्शों का अनुसरण कर हम देश और प्रदेश को उन्नति के पथ पर तेजी से आगे बढ़ा सकते हैं। शास्त्री जी ने सार्वजनिक जीवन में सादगी, सत्यनिष्ठा, लगन, नैतिकता व राष्ट्र के प्रति समर्पण की जो मिसाल कायम की, वह हम सबके लिए प्रेरक है।

राज्यपाल ने दी महात्मा गांधी और लालबहादुर शास्त्री को अर्पित की पुष्पांजलि  
राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने महात्मा गांधी की 150वीं जयंती व स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की 115वीं जयंती पर राष्ट्रपिता और शास्त्री जी को पुष्पांजलि अर्पित की है। राज्यपाल ने कहा कि इस वर्ष हम सत्य व अहिंसा के पुजारी महात्मा गांधी की 150वीं जयंती मना रहे है। महात्मा गांधी संपूर्ण विश्व के लिए प्रेरणा स्त्रोत हैं। गांधी जी के विचार हर दौर के लिए प्रासंगिक है। उनके नेतृत्व में स्वाधीनता आंदोलन न केवल देश को राजनीतिक आजादी दिलाने का संघर्ष था बल्कि एक सामाजिक, सांस्कृतिक व भावात्मक संघर्ष भी था। महात्मा गांधी ने चंपारण सत्याग्रह, असहयोग आंदोलन, नमक सत्याग्रह और भारत छोड़ो आंदोलन के माध्यम से अंग्रेजी हुकूमत को भारत छोड़ने के लिए विवश कर दिया। वे सामाजिक समरसता और सामाजिक समानता के पक्षधर थे। उनके स्वच्छ भारत के सपने को पूरा करने के लिए इस समय देश में स्वच्छता का महायज्ञ चल रहा है, जिसमें सभी को अपने योगदान की आहुति देनी है। राज्यपाल ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री को नमन करते हुए कहा कि उनकी सादगी, सरलता, देशभक्ति तथा ईमानदारी से भरा जीवन आचरण, हम सभी के लिए प्रेरक है। जय जवान जय किसान के उनके उद्घोष ने पूरे देश में ऊर्जा व उत्साह का संचार किया था।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments