Saturday, March 7, 2026
Homeअपराधदो मासूम बच्चियों के अपहरण का प्रयास

दो मासूम बच्चियों के अपहरण का प्रयास

देहरादून। संवाददाता। थाना पटेलनगर के देवऋषि एनक्लेव में बुधवार शाम को एक व्यक्ति ने दो बच्चियों के अपहरण का प्रयास किया। इससे पहले कि वह अपने मंसूबे में कामयाब हो पाता बच्चियों ने किसी तरह से अपने आप को उसके चंगुल से छुड़ाकर शोर मचाना शुरू कर दिया। जिससे आरोपी मौका देखकर वहां से फरार हो गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्चों से पूछताछ की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी कोई शराबी या विक्षिप्त प्रतीत हो रहा है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक शाम को करीब छह बजे थाना पटेलनगर के देवऋषि एनक्लेव क्षेत्र में दो मासूम खाली प्लॉट में खेल रही थीं। इसी दौरान वहां से गुजर रहा एक व्यक्ति उनके पास आया और दोनों बच्चियों का मुंह बंद कर जबरन उन्हें अपने साथ ले जाने लगा। जिससे दोनों बच्चियां घबरा गई और उन्होंने किसी तरह से उक्त व्यक्ति से अपने-आप को छुड़ाकर शोर मचाना शुरू कर दिया।

बच्चियों का शोर सुनकर उनके परिजन और कॉलोनी के लोग वहां एकत्रित हो गए। इससे पहले कि लोग उसे पकड़ पाते आरोपी मौका देखकर वहां से फरार हो गया। लोगों ने तुरंत इस बात की जानकारी थाना पटेलनगर पुलिस को दी। अपहरण की सूचना पर पटेलनगर पुलिस के भी हाथ-पांव फूल गए।

आनन-फानन थाना प्रभारी पटेलनगर रितेश शाह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बच्चियों और आसपास के लोगों से अपहरण का प्रयास करने वाले व्यक्ति के बारे में पूछताछ की। उन्होंने बताया कि पूछताछ के बाद प्रतीत हो रहा है कि आरोपी कोई शराबी या मानसिक विक्षिप्त व्यक्ति है। बताया कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जांच की जा रही है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments