Saturday, March 7, 2026
Homeखास खबर20 दिसंबर को मिलेंगे कांग्रेस के ब्लाॅक और जिला अध्यक्ष

20 दिसंबर को मिलेंगे कांग्रेस के ब्लाॅक और जिला अध्यक्ष

देहरादून। संवाददाता। प्रदेश में कांग्रेस की ब्लॉक और जिला इकाइयों के अध्यक्षों की सूचियां तैयार हैं, लेकिन इंतजार गुजरात के विधानसभा चुनाव खत्म होने का है। ऐसे में 20 दिसंबर के बाद ही राज्य में कांग्रेस को नए ब्लॉक और जिलाध्यक्ष मिल पाएंगे। वहीं प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी का गठन अब अगले साल जनवरी माह तक टलना तकरीबन तय हो गया है।

प्रदेश में कांग्रेस का नया संगठन गुजरात विधानसभा चुनाव निपटने के बाद ही अस्तित्व में आएगा। इसकी वजह पार्टी आलाकमान और शीर्ष नेताओं की गुजरात चुनाव में व्यस्तता है। पार्टी को प्रदेश संगठन से पहले अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के नए अध्यक्ष के रूप में राहुल गांधी की ताजपोशी का इंतजार भी है।

कांग्रेस की कमान राहुल के हाथों में आने के साथ ही प्रदेश में भी नए संगठन के अस्तित्व में आने का रास्ता साफ हो जाएगा। 11 दिसंबर को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी का पार्टी अध्यक्ष बनना तकरीबन तय है। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से भी राहुल को नई जिम्मेदारी सौंपने के प्रस्तावों को भेजा जाएगा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से इस संबंध में तैयारी की जा चुकी है।

दरअसल, उत्तराखंड में कांग्रेस के 225 ब्लॉक और 26 जिला सांगठनिक इकाइयां हैं। ब्लॉक से लेकर प्रदेश स्तर तक नए अध्यक्षों और कार्यकारिणियों का गठन भी होगा। फिलवक्त जिला चुनाव अधिकारियों की ओर से ब्लॉकों और जिलों के अध्यक्षों की सूचियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। इनकी घोषणा होनी शेष है।

माना जा रहा है कि यह घोषणा कांग्रेस को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलने और गुजरात चुनाव निपटने के साथ ही 20 दिसंबर के बाद होगी। ब्लॉक और जिलाध्यक्षों की घोषणा के बाद ही प्रदेश अध्यक्ष पद पर प्रीतम सिंह के निर्वाचन पर भी मुहर लगेगी। प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन की औपचारिकता पूरी होने के बाद ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी का गठन होगा। पार्टी कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भी प्रदेश की नई कार्यकारिणी अगले साल जनवरी माह में गठित होने के संकेत दिए हैं।

प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता मथुरादत्त जोशी के मुताबिक प्रदेश में कांग्रेस के सांगठनिक चुनाव की प्रक्रिया गतिमान है, एआइसीसी के अध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रदेश में पार्टी की सांगठनिक इकाइयों को नए अध्यक्ष मिल जाएंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments