देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (IMC) खुरपिया को प्रदेश के औद्योगिक विकास का महत्वपूर्ण केंद्र बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने परियोजना के निर्माण कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने बताया कि परियोजना के लिए निर्धारित 1,002 एकड़ भूमि NUITL के कब्जे में है और वर्तमान में परियोजना स्थल पर किसी प्रकार की बाधा नहीं है।
मुख्यमंत्री धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास से नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में आयोजित राष्ट्रीय औद्योगिक कॉरिडोर विकास एवं कार्यान्वयन ट्रस्ट (NICDIT) की तृतीय शीर्ष मॉनिटरिंग बैठक में वर्चुअल प्रतिभाग किया। बैठक में औद्योगिक कॉरिडोर से जुड़ी परियोजनाओं की प्रगति और उनके समयबद्ध क्रियान्वयन की समीक्षा की गई।
20 मार्च को हुआ EPC अनुबंध, निर्माण शुरू
बैठक में मुख्यमंत्री ने बताया कि IMC खुरपिया के विकास के लिए 20 मार्च 2026 को EPC अनुबंध निष्पादित किया जा चुका है और निर्माण कार्य भी शुरू हो गया है। परियोजना के तहत 24.1 किलोमीटर राइट ऑफ वे (ROW) क्लियर कर EPC ठेकेदार को उपलब्ध करा दिया गया है। इसके बाद सड़क निर्माण समेत अन्य आवश्यक कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
नागला-किच्छा मार्ग होगा फोरलेन
मुख्यमंत्री ने बताया कि IMC खुरपिया की बाहरी कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए नागला-किच्छा SH-44 के करीब 10.7 किलोमीटर हिस्से को फोरलेन किए जाने की दिशा में आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। इससे औद्योगिक क्लस्टर को बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा और क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा परियोजना के लिए निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए PITCUL द्वारा 400/220 केवी विद्युत उपकेंद्र के निर्माण की दिशा में भी आवश्यक कार्यवाही और समन्वय किया जा रहा है।
दिसंबर 2028 तक पूरा होगा ट्रंक इंफ्रास्ट्रक्चर
मुख्यमंत्री ने कहा कि IMC खुरपिया के ट्रंक इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कार्यों को दिसंबर 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने अधिकारियों को परियोजना के सभी चरणों की लगातार निगरानी करने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ निर्माण कार्यों में गुणवत्ता व गति बनाए रखने के निर्देश दिए।
सीएम धामी ने कहा कि IMC खुरपिया उत्तराखंड में औद्योगिक निवेश बढ़ाने, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के अवसर पैदा करने तथा प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण परियोजना है। उन्होंने केंद्र सरकार और संबंधित एजेंसियों से परियोजना को समय पर पूरा करने के लिए आवश्यक सहयोग और समन्वय की अपेक्षा की।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि IMC खुरपिया आने वाले समय में उत्तराखंड में निवेश, रोजगार और औद्योगिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा। बैठक में सचिव विनय शंकर पांडेय भी उपस्थित रहे।

