Sunday, March 8, 2026
Homeअपराधटॉयलेट करने से रोकने पर पुलिसवाले को ऐसे चढ़ा गुस्सा की मार...

टॉयलेट करने से रोकने पर पुलिसवाले को ऐसे चढ़ा गुस्सा की मार दी गोली

देहरादून में एक स्टोर की दीवार पर शुक्रवार रात टॉयलेट करने से दुकानदार ने रोका तो गुस्साए पुलिस के सिपाही ने उस पर गोली चला दी। दुकानदार घायल हो गया। देहरादून के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर लिया है। उससे वारदात में इस्तेमाल लाइसेंसी रिवाल्वर और 1 कारतूस मिला है।

आईआरबी-2 हरिद्वार में कार्यरत आरोपी सिपाही वर्तमान में अभियोजन निदेशालय सहस्रधारा रोड में सुरक्षा गार्द में तैनात था। डीआईजी जन्मेजय खंडूरी ने शनिवार को एसएसपी कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान राजपुर थानाक्षेत्र में शुक्रवार रात को हुए गोलीकांड का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि शनिवार को इंद्र सिंह खरोला निवासी बगरियाल गांव मसूरी डायवर्जन रोड वार्ड नंबर एक मालसी ने राजपुर थाने में लिखित तहरीर दी।

उन्होंने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात साढ़े 10 बजे के करीब मसूरी डायवर्जन रोड पर स्थित डक स्टोर के पास उनका बेटा पुनीत खरोला अपने दोस्त दीपक यादव के साथ गाड़ी में बैठा था। तभी वहां पर अज्ञात व्यक्ति स्टोर से सामान लेकर बाहर आया और सामान गाड़ी में रखकर वहीं स्टोर के पास कम्पाउंड में टॉयलेट करने लगा।

बेटे पुनीत ने वहां टॉयलेट करने से रोका तो अज्ञात व्यक्ति ने गाली गलौच करते हुए उसके पेट में गोली मार दी। इसके बाद वह अपनी सफेद रंग की कार से फरार हो गया। पुलिस वाहन नंबर के आधार पर कार मालिक तक पहुंची। पता चला कि ये कार कुलवीर सिंह नेगी पुत्र कुंवर सिंह नेगी निवासी अठूरवाला के नाम पर है। वह वर्तमान में अंसल ग्रीन वैली जाखन में रहते हैं।

पुलिस ने कुलवीर सिंह नेगी से घटना के सम्बन्ध में पूछताछ की। उन्होंने पुलिस को बताया कि शुक्रवार सुबह कार अपने दोस्त नितिन कुमार लोहान (29) निवासी लिब्बरहेड़ी थाना मंगलौर हरिद्वार को दी है। वह उसने अभी वापस नहीं की है और न ही फोन उठा रहा है। उन्होंने पुलिस को बताया कि नितिन अभियोजन निदेशालय सहस्रधारा रोड में सुरक्षा गार्द में नौकरी करता है।

इसके बाद पुलिस निदेशालय पहुंची और नितिन के बारे में जानकारी ली। पता चला कि नितिन लोहान शुक्रवार शाम से ही अपनी ड्यूटी से अनुपस्थित है। शनिवार पुलिस को सूचना मिली कि कांस्टेबल नितिन लोहान घटना में प्रयुक्त कार से अपनी ड्यूटी गार्द में जाने के लिए सहस्रधारा हैलीपैड रोड की ओर आ रहा है। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments