पूर्व विधायक सुरेश राठौर को अपना पति बताने वाली उर्मिला सनावर पर अंकिता भंडारी हत्याकांड की आड़ में ब्लैकमेलिंग, अश्लीलता फैलाने और सोशल मीडिया के दुरुपयोग जैसे गंभीर आरोपों को लेकर दून पुलिस ने गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में आम लोगों को भड़काने, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के आपराधिक इस्तेमाल और ब्लैकमेलिंग जैसे संगीन आरोप सामने आए हैं, इसलिए हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।
एसएसपी अजय सिंह ने जांच अधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि उर्मिला सनावर के अब तक के सभी सोशल मीडिया वीडियो, पोस्ट और उनके खिलाफ पहले से दर्ज मुकदमों की विस्तृत जांच की जाए। सभी संबंधित पक्षों से पूछताछ के बाद जल्द ही अग्रिम विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
नेहरू कॉलोनी पुलिस ने इस मामले में सहारनपुर पुलिस से भी संपर्क किया है। सहारनपुर में उर्मिला के खिलाफ पूर्व जिला पंचायत सदस्य आरती गौड़ की ओर से पहले से एक मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा आरती गौड़ ने बुधवार को नेहरू कॉलोनी थाने में एक और मुकदमा दर्ज कराया है।
आरती गौड़ का आरोप है कि पुराने मुकदमे के चलते उर्मिला उनके खिलाफ लगातार आपत्तिजनक और अनाप-शनाप वीडियो बना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जरिए अश्लील वीडियो तैयार कर उन्हें वायरल करने की धमकी दी जा रही है। साथ ही उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए उकसाने का भी प्रयास किया जा रहा है।
वायरल ऑडियो-वीडियो एफएसएल जांच के लिए भेजे जाएंगे
अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े वायरल ऑडियो-वीडियो के मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच और तेज कर दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे ऑडियो और वीडियो को फॉरेंसिक जांच के लिए एफएसएल लैब भेजने की तैयारी की जा रही है। थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी डिजिटल साक्ष्यों की वैज्ञानिक जांच कराई जाएगी। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

