Friday, October 2, 2026
Homeदेहरादूनअग्निवीर रोजगार सेल की कमान संभालेंगे कर्नल विजय मनराल, जल्द होगी औपचारिक...

अग्निवीर रोजगार सेल की कमान संभालेंगे कर्नल विजय मनराल, जल्द होगी औपचारिक घोषणा

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने अग्निवीरों के पुनर्वास और रोजगार से जुड़ी योजना को आगे बढ़ाते हुए अग्निवीर रोजगार सेल की जिम्मेदारी सेना के सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी कर्नल विजय मनराल को सौंपने का निर्णय लिया है। औपचारिक घोषणा के बाद कर्नल मनराल सेल का कामकाज संभालेंगे।

कर्नल विजय मनराल सेना में कौशल वीर योजना के तहत सैनिकों के पुनर्वास का काम कर चुके हैं। इसके अलावा वह सेना की मानव संसाधन इकाई और इन्फैंट्री-6 का नेतृत्व भी कर चुके हैं। सैनिकों के पुनर्वास और कौशल विकास के क्षेत्र में उनके अनुभव को देखते हुए सरकार ने उन्हें अग्निवीर रोजगार सेल की जिम्मेदारी देने का निर्णय लिया है।

करीब 1190 अग्निवीर इस साल होंगे सेवानिवृत्त

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जुलाई में एक जनसभा के दौरान चार साल की सेवा पूरी कर सेवानिवृत्त होने वाले अग्निवीरों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए रोजगार सेल गठित करने की घोषणा की थी। इसके बाद अगस्त में कैबिनेट के प्रस्ताव के जरिए अग्निवीर रोजगार सेल के गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।

इस वर्ष के अंत तक उत्तराखंड के करीब 1190 युवा अग्निवीर चार साल की सेवा पूरी कर सेवानिवृत्त होंगे। सरकार का उद्देश्य इन युवाओं के लिए समय रहते रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। इसके लिए रोजगार के संभावित क्षेत्रों और निजी एवं सरकारी संस्थानों के साथ समन्वय की योजना तैयार की जा रही है।

अग्निवीरों को रोजगार दिलाने की तैयारी

भाजपा नेता और पूर्व सैन्य अधिकारी कर्नल अजय कोठियाल (सेनि.) ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अग्निवीर रोजगार सेल के गठन की घोषणा की है और इसके गठन से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार राज्य से सेवानिवृत्त होने वाले सभी अग्निवीरों को रोजगार दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments