अयोध्या में राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा के बाद अब ध्वजारोहण समारोह की तैयारियों का उत्साह चरम पर है। पंचमी तिथि पर निकलने वाली राम बरात में इस बार देहरादून का प्रसिद्ध डमरू दल अपनी शानदार प्रस्तुति देगा। दल को इसके लिए औपचारिक आमंत्रण मिल चुका है।
धार्मिक आयोजनों में बढ़ रही डमरू दल की मांग
दून का यह डमरू दल न केवल उत्तराखंड बल्कि अन्य राज्यों में भी धार्मिक कार्यक्रमों का आकर्षण बना हुआ है। अब तक दल की प्रस्तुति हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश सहित कई जगह हो चुकी है। 25 नवंबर को राम मंदिर में होने वाले ध्वजारोहण और विवाह पंचमी पर दशरथ महल से निकलने वाली राम बरात में दल विशेष प्रस्तुति देगा।
रविवार को ही दल के सदस्य अयोध्या के लिए रवाना हो चुके हैं। दल के सदस्य अर्जुन श्रीवास्तव ने बताया कि कुल 25 सदस्यों की टीम सोमवार को अयोध्या पहुंचकर कार्यक्रम की तैयारियां पूरी करेगी।
टपकेश्वर महादेव मंदिर से मिली पहचान
डमरू दल की शुरुआत टपकेश्वर महादेव मंदिर के सेवादारों द्वारा की गई थी। पहले वे मंदिर में आरती के समय ही प्रस्तुति देते थे। उनकी अनोखी कला और ताल की वजह से दल का विस्तार हुआ और दून शहर के कई स्थानों में प्रदर्शन शुरू हुए। समय के साथ उनकी लोकप्रियता बढ़ी और दल ने मथुरा, काशी समेत कई प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों पर प्रस्तुति दी।
सोशल मीडिया पर भी छाया डमरू दल
डमरू दल की ऊर्जा और भक्ति से भरी प्रस्तुतियाँ सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं। लोग वीडियो देखकर उनकी कला की सराहना कर रहे हैं और विभिन्न धार्मिक आयोजनों में आमंत्रित कर रहे हैं।

