देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज देहरादून एयरपोर्ट पर पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरप्रीत सिंह (सेनि.) ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। एयरपोर्ट से प्रधानमंत्री सीधे स्टेट गेस्ट हाउस पहुंचे।
आपदा प्रभावित इलाकों का हवाई दौरा
प्रधानमंत्री मोदी एमआई-17 हेलीकॉप्टर के माध्यम से आपदा से प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। हाल ही में प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश और भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाएं सामने आई हैं, जिनसे जन-धन की भारी क्षति हुई है।
आपदा वीरों और प्रभावितों से मुलाकात
हवाई सर्वेक्षण के बाद प्रधानमंत्री दोबारा देहरादून एयरपोर्ट लौटेंगे, जहां वे आपदा में राहत और बचाव कार्यों में जुटे जवानों और प्रभावित नागरिकों से सीधी मुलाकात करेंगे। प्रधानमंत्री का यह कदम आपदा पीड़ितों के प्रति केंद्र सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है।
उच्च स्तरीय बैठक में लेंगे समीक्षा
प्रधानमंत्री मोदी स्टेट गेस्ट हाउस में प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों और प्रशासनिक टीम के साथ हाई लेवल समीक्षा बैठक करेंगे। इस दौरान राहत और पुनर्वास कार्यों की प्रगति, भविष्य की योजना और केंद्र से आवश्यक मदद पर विस्तार से चर्चा होगी।
दिल्ली रवाना होंगे प्रधानमंत्री
सभी कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विशेष विमान से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

