देहरादून — उत्तराखंड में भारी बारिश और मलबे के कारण उत्पन्न आपदा के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं। सरकार की सतत निगरानी और त्वरित कार्रवाई के चलते अब तक 95.62% बाधित सड़कों को यातायात के लिए खोल दिया गया है।
आपदा की स्थिति में कुल 1827 स्थानों पर सड़कों पर मलबा और भू-स्खलन के कारण आवागमन प्रभावित हुआ था। इनमें से 1747 सड़कों को पुनः खोल दिया गया है, जबकि शेष 80 सड़कों पर तेजी से कार्यवाही की जा रही है।
सरकार द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में पहले से ही जेसीबी मशीनें और आवश्यक संसाधनों की तैनाती कर दी गई थी, जिससे सड़कें शीघ्रता से खोली जा सकीं। सभी जिला और संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया था कि किसी भी सड़क के बाधित होने की स्थिति में तुरंत कार्रवाई शुरू की जाए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं लगातार आपदा प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहे हैं और राहत व बचाव कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा और सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “आपदा प्रभावित क्षेत्रों में किसी भी तरह की दिक्कत न हो, इसके लिए सड़क, बिजली, पानी और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बहाल करने की निरंतर निगरानी की जा रही है। सभी विभाग समन्वय बनाकर त्वरित राहत व बचाव कार्य कर रहे हैं।”
ज्ञात हो कि इस वर्ष उत्तराखंड में पिछले कई वर्षों की तुलना में अधिक वर्षा दर्ज की गई है, जिससे आपदा की स्थिति अधिक गंभीर बनी हुई है। इसके बावजूद शासन-प्रशासन की तत्परता और कुशल प्रबंधन से आमजन को राहत मिल रही है।

