देहरादून। उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड (यूकेएमएसएसबी) ने चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में नर्सिंग अधिकारी (महिला-पुरुष) के 196 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। बोर्ड ने सोमवार को भर्ती संबंधी विज्ञप्ति जारी करते हुए पात्र अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।
भर्ती प्रक्रिया में डिप्लोमा और डिग्रीधारक अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। चयनित अभ्यर्थियों को सातवें वेतन आयोग के तहत लेवल-7 का वेतनमान मिलेगा। इसके अंतर्गत अभ्यर्थियों को 44,900 रुपये से लेकर 1.42 लाख रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 12 जून 2026 से शुरू होगी। इच्छुक अभ्यर्थी दो जुलाई 2026 की शाम पांच बजे तक आवेदन पत्र भरने के साथ शुल्क जमा कर सकेंगे।
बोर्ड की ओर से आवेदन पत्र में त्रुटि सुधार के लिए चार जुलाई से सात जुलाई तक संशोधन विंडो भी खोली जाएगी।
यूकेएमएसएसबी ने स्पष्ट किया है कि प्रशासनिक आवश्यकताओं के अनुसार रिक्त पदों की संख्या में बढ़ोतरी या कमी की जा सकती है। भर्ती विज्ञापन जारी होने के बाद प्रदेश के नर्सिंग अभ्यर्थियों में उत्साह देखा जा रहा है।

