देहरादून। उत्तराखंड में ठंड ने अब अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। हरिद्वार और ऋषिकेश में दिन की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई, जिससे दृश्यता काफी कम रही। मैदानी इलाकों के साथ-साथ पहाड़ी क्षेत्रों में भी हल्की धुंध छाई हुई है।
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 20 दिसंबर तक प्रदेश भर में मौसम शुष्क बना रहेगा। इसके बाद 21 दिसंबर को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं, 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के भी आसार हैं।
धर्मनगरी हरिद्वार कोहरे की चादर में लिपटी
मौसम में आए बदलाव के चलते धर्मनगरी हरिद्वार सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में घना कोहरा छा गया है। सुबह के समय चारों ओर धुंध फैलने से वाहन चालकों को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता कम हो गई, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना जताते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

