देहरादून। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने शनिवार को आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि प्रदेश में सात जुलाई से मतदान केंद्रों के पुनर्निर्धारण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग की व्यवस्था के तहत किसी भी मतदान केंद्र पर 1200 से अधिक मतदाता नहीं रखे जाएंगे।
डॉ. जोगदंडे ने बताया कि प्रदेश में अब तक 71 लाख 16 हजार मतदाताओं को एसआईआर फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं। वहीं करीब आठ लाख 41 हजार मतदाता ऐसे हैं, जिन तक फॉर्म नहीं पहुंच सके। इनमें कई लोग अनुपलब्ध हैं या मृतक पाए गए हैं।
उन्होंने राजनीतिक दलों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि अपने बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) की मदद से ऐसे मतदाताओं का पता लगाने में सहयोग करें। साथ ही आम नागरिक निर्वाचन संबंधी जानकारी और सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं।

