देहरादून। उत्तराखंड में मंगलवार को भी मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के कई जिलों में खराब मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंह नगर जिलों के कुछ हिस्सों में तेज गर्जन के साथ बारिश, बिजली चमकने, ओलावृष्टि और करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इन क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं राज्य के अन्य जिलों में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा। कुछ इलाकों में तेज बारिश और ओलावृष्टि को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने यह भी बताया कि 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। साथ ही अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।

