देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में शनिवार को मौसम बदला रह सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार राज्य के कई जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है, जबकि 4500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का अनुमान है।
मौसम विभाग ने देहरादून समेत उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, अल्मोड़ा, टिहरी और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में बिजली चमकने और 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
विभाग के मुताबिक प्रदेश में 17 मई तक मौसम के बदले रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

