Sunday, March 8, 2026
Homeराज्यउत्तराखण्डउत्तराखंड में यूसर्क और एचएनबीयूएमयू के बीच हुआ समझौता, छात्रों के लिए...

उत्तराखंड में यूसर्क और एचएनबीयूएमयू के बीच हुआ समझौता, छात्रों के लिए अहम कदम

देहरादून। उत्तराखंड में स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण के साथ ही विज्ञान शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार तथा छात्र छात्राओं में वैज्ञानिक अभिवृत्ति के विकास व स्वास्थ्य जागरूकता के प्रसार हेतु सूचना, सुराज एवं विज्ञान प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत कार्यरत संस्था उत्तराखंड विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान केंद्र (यूसर्क), देहरादून तथा प्रदेश के हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय, सेलाकुई द्वारा यूसर्क सभागार में ‘मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग’ पर हस्ताक्षर किए गए।

यूसर्क की ओर से यूसर्क निदेशक प्रो. (डॉ) अनीता रावत तथा हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय की ओर से विश्वविद्यालय के कुलसचिव डा. आशीष उनियाल ने समझौते पत्र पर हस्ताक्षर किए। यूसर्क निदेशक प्रो. अनीता रावत ने बताया कि इस समझौते के आधार पर दोनों संस्थान प्रदेश के छात्र छात्राओं को स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण के प्रति जागरूक करने तथा विज्ञान शिक्षा एवं चिकित्सा व वैज्ञानिक अनुसंधानों को स्तरीय बनाने तथा इसके अनुप्रयोगों व लाभों को प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने हेतु मिलकर काम करेंगे।

छात्र छात्राओं को ऐसे मिलेगा लाभ
अनीता रावत ने कहा कि यूसर्क की शर्त के आधार पर उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय यूसर्क द्वारा विभिन्न माध्यमिक विद्यालय में संचालित 200 से अधिक विज्ञान चेतना केंद्रों कम से कम पांच ‘यूसर्क विज्ञान चेतना केंद्रों’ को गोद लेकर उनमें स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण संबंधी विभिन्न वैज्ञानिक गतिविधियों का संचालन करते हुए विद्यालय के छात्र छात्राओं को अपने विश्वविद्यालय से विभिन्न सुविधाएं प्रदान करेगा।

चिकित्सकों को मिलेगा वैज्ञानिक गतिविधियों का लाभ
हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर हेमचन्द्र ने इस अवसर पर कहा कि आज के इस समझौते से जहां विश्वविद्यालय से संबद्ध भावी चिकित्सकों को यूसर्क की वैज्ञानिक गतिविधियों का भरपूर लाभ मिलेगा, वहीं प्रदेश भर के छात्र-छात्राएं तथा आमजन भी दोनों संस्थाओं के विज्ञान शिक्षा, चिकित्सा एवं सुस्वस्थता हेतु किए जाने वाले सम्मिलित प्रयासों से लाभान्वित होंगे।

यह समझौता प्रदेश के लिए खास
हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ आशीष उनियाल ने इस अवसर को अत्यंत सौभाग्यशाली बताते हुए कहा कि प्रदेश दो विशिष्ट संस्थाओं के बीच का यह समझौता प्रदेश में खासकर छात्रों व उनके अभिभावकों तक स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी जागरूकता को पहुंचाने में महत्वपूर्ण सिद्ध होगा।

अधिकारी और वैज्ञानिक रहे उपस्थित
यूसर्क वैज्ञानिक डॉ. ओम प्रकाश नौटियाल ने कहा कि इस समझौते के परिणामस्वरूप विश्वविद्यालय के प्राध्यापक तथा यूसर्क के वैज्ञानिक परस्पर मिलकर विज्ञान शिक्षा के साथ ही चिकित्सा, स्वास्थ्य व स्वच्छता क्षेत्रों में सहयोगात्मक अनुसंधानों तथा शोध परिणामों के लाभों को आम जन तक पहुंचने हेतु प्रेरित होंगे। इस अवसर पर दोनों संस्थानों के कई अधिकारी और वैज्ञानिक उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments