Sunday, March 8, 2026
Homeराज्यउत्तराखण्डउत्तराखंडः कई इलाकों में सुबह से छाया कोहरा, पहाड़ी इलाकों में बारिश...

उत्तराखंडः कई इलाकों में सुबह से छाया कोहरा, पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी के आसार

देहरादून। प्रदेश के ज्यादातर पहाड़ी जिलों में आज बारिश और बर्फबारी हो सकती है। मैदान से लेकर पहाड़ तक कोहरा छाया हुआ है। मौसम केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है।

गढ़वाल से लेकर कुमाऊं तक कई जिलों में कोहरा छाया हुआ है। पिथौरागढ़ के नाचनी में कोहरे के साथ ही हिमकण भी गिरे। देहरादून से लेकर मसूरी तक भी सुबह से कोहरा छाया रहा।

इससे तापमान में गिरावट आई और ठंड बहुत अधिक बढ़ गई। जगह-जगह लोगों ने अलाव सेंककर ठंड से राहत पाई। अगले 24 घंटों के दौरान आसपास के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश व बर्फबारी हो सकती है।

बर्फ से बचने निचले इलाकों में आ रहे वन्य जीव
ऊंचाई वाले इलाकों में हुई बर्फबारी वन्य जीवों की जान पर भारी पड़ रही है। ठंड से बचने और भोजन की तलाश में वन्य जीव निचले इलाकों में आ रहे हैं। ऐसे में आवारा कुत्ते उनको अपना शिकार बना रहे हैं। वन विभाग अब तक घायल हुए चार वन्य जीवों का उपचार कर उन्हें जंगल में छोड़ चुका है, जबकि तीन की मौत हो चुकी है।

पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरएस राणा का कहना है जख्मी वन्य जीवों का उपचार किया जा रहा है। वन क्षेत्राधिकारी धीरेश चंद्र बिष्ट का कहना है कि अभी तक ऐसे सात वन्य जीवों का उपचार किया गया, जिसमें तीन की मौत हो गई।

पूरी तरह से नहीं हटाई जा सकी थल-मुनस्यारी सड़क से बर्फ
थल-मुनस्यारी सड़क पर चैथे दिन भी यातायात बहाल नहीं हुआ है। शुक्रवार को मौसम साफ होने के कारण लोनिवि ने बर्फ हटाने का काम तेजी से किया लेकिन अब भी सड़क के 6 किमी हिस्से में 3 से 4 फीट बर्फ पटी है।

बर्फबारी के कारण मंगलवार को थल-मुनस्यारी सड़क बंद हो गई थी। रातापानी से मुनस्यारी तक 20 किमी हिस्से में बर्फ पट गई थी। लोनिवि ने बुधवार से जेसीबी और स्नोकटर लगाकर बर्फ हटाना शुरू कर दिया था लेकिन सड़क पर अत्यधिक बर्फ जमा होने के कारण सड़क को खोलने में दिक्कत आ रही है। लोनिवि अब तक 14 किमी हिस्से से ही बर्फ हटा पाया है। बलाती से कालामुनि तक करीब 6 किमी के हिस्से में अब भी भारी मात्रा में बर्फ जमा है।

सड़क बंद होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मुनस्यारी के लिए जौलजीबी से आवागमन हो रहा है। लोगों ने सड़क को खोलने के लिए अतिरिक्त संसाधन लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि हर बर्फबारी में सड़क कई दिनों के लिए बंद हो जा रही है।

इससे मुनस्यारी का पर्यटन व्यवसाय भी प्रभावित हो गया है। लोनिवि के अवर अभियंता उमेश कुमार का कहना है कि सड़क को खोलने के लिए तत्परता से काम किया जा रहा है। बर्फ अधिक होने के कारण सड़क को खोलने में दिक्कत आ रही है। शनिवार शाम तक सड़क में यातायात बहाल हो जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments