Sunday, March 8, 2026
Homeराज्यउत्तराखण्डउत्‍तराखंड में कांस्टेबल भर्ती पर कोरोना का साया, युवाओं को अभी करना...

उत्‍तराखंड में कांस्टेबल भर्ती पर कोरोना का साया, युवाओं को अभी करना होगा इंतजार

देहरादून। कोरोना ने उत्तराखंड पुलिस की कांस्टेबल भर्ती पर भी ब्रेक लगा दिया है। अब इस भर्ती के लिए युवाओं को कुछ दिन और इंतजार करना होगा। इसके अलावा रैंकर्स भर्ती प्रक्रिया भी कोरोना के कारण अधर में लटकी है। अधिकारियों का कहना है कि रैंकर्स भर्ती की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही कांस्टेबल भर्ती शुरू होगी। कोरोना के लिहाज से प्रदेश में हालात ठीक होने के बाद ही विभाग भर्ती की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगा।

पुलिस विभाग ने मई 2021 में दो हजार कांस्टेबल की सीधी भर्ती के लिए प्रक्रिया शुरू करने की योजना बनाई थी। इससे लंबे समय बाद नौजवानों में उत्तराखंड पुलिस में भर्ती होने की उम्मीद जगी थी, लेकिन अचानक आई कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर का साया इस पर भी पड़ गया। दूसरी तरफ, रैैंकर्स भर्ती प्रक्रिया भी अभी पूरी नहीं हो पाई है। सब इंस्पेक्टर व हेड कांस्टेबल के पदों पर होने वाली इस भर्ती के लिए फरवरी में लिखित परीक्षा हुई थी। इसके बाद अप्रैल में चयनित अभ्यर्थियों का फिजिकल भी हो गया, लेकिन कोरोना संक्रमण के एकाएक चरम पर पहुंचने से मेरिट सूची जारी नहीं हो पाई। विभागीय सूत्रों की मानें तो इस भर्ती की मेरिट सूची जारी होने में अभी 15 से 20 दिन और लग सकते हैैं।

रैंकर्स भर्ती के बाद ही खाली होंगे पद

पुलिस विभाग में जिन दो हजार पद पर कांस्टेबल की सीधी भर्ती की जानी है, वह रैंकर्स भर्ती की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही रिक्त होंगे। रैंकर्स भर्ती में जिन अभ्यर्थियों ने लिखित परीक्षा व फिजिकल पास कर लिया है, वर्तमान में उनकी कैरेक्टर रिपोर्ट (सीआर) अपलोड की जा रही है। इसके बाद मेरिट सूची जारी की जाएगी।

दारोगाओं की भी होगी सीधी भर्ती

पुलिस विभाग में दारोगाओं की भी सीधी भर्ती होनी है। गत वर्ष दिसंबर में कुछ दारोगा पदोन्नति देकर निरीक्षक बनाए गए थे। इसके बाद से प्रदेश में दारोगा के कई पद रिक्त हैं। इनमें से कुछ पद रैंकर्स भर्ती से भरे जाने हैं।

डीआइजी एवं पुलिस विभाग के प्रवक्‍ता नीलेश आनंद भरणे का कहना है कि रैंकर्स भर्ती की सभी औपचारिकताएं पूरी हो गई हैं। अब मेरिट जारी होनी है। इससे पहले सभी अभ्यर्थियों से आपत्तियां मांगी गई हैं। रैंकर्स भर्ती प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद ही कांस्टेबल की भर्ती शुरू की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments