ऋषिकेश: उत्तराखण्ड सरकार में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने केंद्रीय सड़क एवं परिवहन राज्यमंत्री अजय टम्टा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य को एक महत्वपूर्ण विकास परियोजना की स्वीकृति मिली है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-07 के पुनर्वास एवं उन्नयन के साथ-साथ तीनपानी से खारास्रोत पुल तक 13.57 किमी लंबे ऋषिकेश बाइपास के निर्माण कार्य को वार्षिक योजना 2025-26 के अंतर्गत मंजूरी दे दी गई है।
मंत्री उनियाल ने इस परियोजना को टिहरी जनपद एवं आसपास के क्षेत्रों के लिए एक “बड़ी सौगात” बताया। उन्होंने कहा कि बाइपास निर्माण से ढालवाला, मुनिकीरेती एवं ऋषिकेश शहर में लंबे समय से चली आ रही यातायात जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि यह बाइपास न केवल स्थानीय निवासियों के लिए बल्कि तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के लिए भी अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। इससे आवागमन सुगम, सुरक्षित एवं निर्बाध होगा ।
परियोजना के पूरा होने के बाद न केवल यात्रियों को सुविधा होगी, बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी। सरकार का मानना है कि यह बाइपास धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देगा।

