Sunday, March 8, 2026
Homeदेहरादूनएलटी भर्ती परीक्षा में कंटेनमेंट जोन के उम्मीदवारों को लानी होगी कोविड...

एलटी भर्ती परीक्षा में कंटेनमेंट जोन के उम्मीदवारों को लानी होगी कोविड निगेटिव रिपोर्ट

देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) की एलटी भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए कंटेनमेंट जोन के उम्मीदवारों को कोरोना का टेस्ट कराना होगा। बिना इस रिपोर्ट के वह परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं कर पाएंगे। वहीं, कोई भी संक्रमित उम्मीदवार परीक्षा में शामिल नहीं हो पाएगा। आयोग इस संबंध में सभी जिलाधिकारियों को पत्र भेजने जा रहा है।

यूकेएसएसएससी की एलटी भर्ती परीक्षा प्रदेश में 25 अप्रैल को दो पालियों में होने जा रही है। इसमें करीब 50 हजार उम्मीदवार पंजीकृत हैं। लगातार बढ़ते जा रहे कोविड संक्रमण के चलते आयोग इस परीक्षा को दो पालियों में कराएगा। आधे विषयों की परीक्षा पहली पाली में और आधे विषयों की परीक्षा दूसरी पाली में होगी।

आयोग ने साफ कर दिया है कि कोई भी कोरोना संक्रमित परीक्षा में शामिल नहीं हो पाएगा। परीक्षा केंद्र पर थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी। जिस उम्मीदवार का तापमान अधिक आएगा, उसे अलग आइसोलेशन कक्ष में बैठाकर परीक्षा दिलाई जाएगी।

प्रदेश में कंटेनमेंट जोन की संख्या तेजी से बढ़ रही है। रविवार तक प्रदेश में 52 कंटेनमेंट जोन हो गए। देहरादून में 27, हरिद्वार में छह, नैनीताल में 18 और टिहरी में एक कंटेनमेंट जोन हैं। आयोग के सचिव संतोष बडोनी ने बताया कि सभी जिलाधिकारियों को इन क्षेत्रों में रहने वाले उम्मीदवारों के लिए पत्र भेजा जा रहा है।

इसके तहत एक तो उनके प्रवेश पत्र को परीक्षा का ई-पास माना जाएगा। दूसरा, प्रशासन इन क्षेत्र से आने वाले उम्मीदवारों की कोविड जांच कराएगा। उम्मीदवारों को 72 घंटे के भीतर की कोविड निगेटिव रिपोर्ट साथ लानी होगी।

परीक्षा तिथि आगे बढ़ाने की मांग
लगातार बढ़ते जा रहे कोरोना संक्रमण के बीच उम्मीदवारों ने आयोग से मांग की है कि वह एलटी भर्ती परीक्षा की तिथि आगे बढ़ाए। जो उम्मीदवार कोरोना से ग्रस्त हैं, अगर वह परीक्षा नहीं दे पाएंगे तो उनका भविष्य खराब हो जाएगा। उम्मीदवारों को सरकार ने आयु सीमा में छूट भी दी थी, लेकिन कोरोना की वजह से संक्रमित उम्मीदवार परीक्षा नहीं दे पाएंगे।

हम सभी जिलाधिकारियों को पत्र भेज रहे हैं। कोरोना संक्रमित उम्मीदवार को परीक्षा का अवसर नहीं दिया जाएगा। कंटेनमेंट जोन के उम्मीदवारों को भी जांच के बाद ही परीक्षा देने का मौका दिया जाएगा। 
-संतोष बडोनी, सचिव, उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments