Sunday, October 25, 2026
Homeदेहरादूनकुंभ में कोविड जांच के लिए मुनिकीरेती में बनेंगे चार चेक पोस्ट

कुंभ में कोविड जांच के लिए मुनिकीरेती में बनेंगे चार चेक पोस्ट

ऋषिकेश। महाकुंभ हरिद्वार में आने वाले श्रद्धालु ऋषिकेश मुनिकीरेती और स्वर्गाश्रम भी पहुंचेंगे। टिहरी जिला प्रशासन के द्वारा मुनिकीरेती में चार कोविड-19 जांच चेक पोस्ट बनाई जाएगी। राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय मुनीकीरेती को मेडिकल रिलीफ प्वाइंट बनाया जाएगा। प्रशासन ने इस क्षेत्र में केयर सेंटर में एक हजार बेड उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

महाकुंभ के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण की रोकथाम के लिए टिहरी जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। जिलाधिकारी टिहरी ईवा श्रीवास्तव ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुमन आर्य से इस संबंध में कार्य योजना तैयार करने को कहा है। सीएमओ के निर्देश पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी के द्वारा कार्य योजना तैयार कर सीएमओ कार्यालय को भेज दी गई है। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. जगदीश चंद्र जोशी ने बताया कि कुंभ मेला स्वास्थ्य कार्य योजना के तहत कैलाश गेट, ढालवाला, जानकी सेतु और तपोवन में चार चेक पोस्ट बनाई जाएंगी।

24 घंटा सातों दिन यहां सैंपलिंग के लिए टीम तैनात रहेगी

यहां आने वाले श्रद्धालुओं की थर्मल स्क्रीनिंग होगी, तापमान ज्यादा होने पर संबंधित व्यक्ति की एंटीजन जांच कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय मुनिकीरेती को मेडिकल रिलीफ प्वाइंट बनाया जा रहा है। जिसमें ऑक्सीजन नेबुलाइजर सहित तमाम सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। इसके साथ ही क्षेत्र में कोविड-19 सेंटर केयर सेंटर भी बढ़ाए जा रहे हैं। जीएमवीएन के ऋषिलोक अतिथि गृह में अभी 150 बेड की सुविधा है, इसे 200 बेड किया जाना है। श्री देव सुमन हॉस्पिटल नरेंद्र नगर में 200 बेड की सुविधा को भी बढ़ाया जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग के द्वारा सभी चेक पोस्ट पर ध्वनि विस्तारक यंत्र के जरिए श्रद्धालुओं को जागरूक किया जाना है। इतना ही नहीं चेक पोस्ट में निश्शुल्क मास्क का वितरण भी किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की यह भी योजना है कि यहां के अन्य होटल भी चिह्नित किए जाएं, ताकि इन्हें भी आवश्यकता पड़ने पर कोविड केयर सेंटर बनाया जा सके। समूचे क्षेत्र में 1000 बेड उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

16 चिकित्सक और टीम होगी तैनात

महाकुंभ की कार्य योजना के मुताबिक यहां बनने वाली चार चेकपोस्ट में तीन शिफ्ट के अतिरिक्त एक रिलीवर को देखते हुए प्रत्येक चेक पोस्ट में चार चिकित्सक, चार फार्मेसिस्ट, आठ हेल्पर की व्यवस्था की जाएगी। जिन जनपदों में कुंभ का आयोजन नहीं हो रहा है वहां से चिकित्सक और फार्मासिस्ट की तैनाती यहां होगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -


video
play-sharp-fill

video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments