देहरादून। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी को पुलिस ने बरेली से गिरफ्तार कर लिया है। पत्नी की ओर से लगाए गए उत्पीड़न और जातिसूचक टिप्पणी के आरोपों के मामले में पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। न्यायालय से गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद पुलिस ने गिरफ्तारी की कार्रवाई की।
तीन नोटिस के बाद भी जांच में नहीं हुए शामिल
जानकारी के अनुसार, रेखा आर्या ने 15 अक्टूबर को देहरादून की कैंट कोतवाली में पति गिरधारी लाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और जांच में शामिल होने के लिए गिरधारी लाल को तीन बार नोटिस भेजे गए थे, लेकिन वह जांच में शामिल नहीं हुए। इसके बाद पुलिस ने न्यायालय से उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट हासिल किया। वहीं, उनकी अग्रिम जमानत याचिका भी खारिज हो चुकी थी।
रेखा आर्या ने लगाए थे गंभीर आरोप
मंत्री रेखा आर्या ने अपनी शिकायत में पति पर मारपीट, उत्पीड़न, धोखाधड़ी, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने, जान से मारने की धमकी देने और हत्या की साजिश रचने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे।
इसके अलावा उन्होंने आरोप लगाया था कि गिरधारी लाल ने अपनी पहली शादी की जानकारी छिपाकर उनसे विवाह किया। साथ ही कथित तौर पर फर्जी हस्ताक्षरों के जरिये उन्हें कंपनियों के निदेशक पद से हटाया गया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। गिरफ्तारी के बाद गिरधारी लाल से पूछताछ की जाएगी और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

.jpeg)
.jpeg)

