Saturday, March 7, 2026
Homeदेहरादूनकोरोना वायरसः तीन संदिग्ध दून अस्पाताल में भर्ती, कोरोना संक्रमित ट्रेनी आईएफएस...

कोरोना वायरसः तीन संदिग्ध दून अस्पाताल में भर्ती, कोरोना संक्रमित ट्रेनी आईएफएस की हालत सामान्य

देहरादून। दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कोरोना से संक्रमित ट्रेनी आईएफएस की हालत अब सामान्य है। तीन कोरोना संदिग्धों को आज दून अस्पताल में भर्ती कराया गया है। देहरादून का प्राचीन गौतम कुंड मंदिर भी बंद कर दिया गया है।

वहीं दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कोरोना से संक्रमित ट्रेनी आईएफएस की हालत अब सामान्य है। विशेषज्ञ चिकित्सक उनकी देखरेख में जुटे हैं। अस्पताल में भर्ती आठ संदिग्ध मरीजों का भी स्वास्थ्य सामान्य है। कोरोनेशन अस्पताल में बने आइसोलेशन वार्ड में भर्ती पाचं कोरोना के संदिग्ध छात्रों की हालत भी सामान्य है। बता दें कि उत्तराखंड में केवल एक कोरोना पॉजिटिव केस सामने आया है।

दून अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर एनएस खत्री के मुताबिक अस्पताल में आठ संदिग्ध भर्ती हैं। इसके अलावा खांसी, जुखाम, बुखार के मरीज लगातार आ रहे हैं। फिजीशियन मरीज देख रहे हैं।

पुरानी ओपीडी के कमरों की चाबी गुम

वहीं दून अस्पताल की पुरानी ओपीडी के कमरों की चाबी गुम हो गई। जिस वजह से ताले तोड़ने पड़े। आज यहां पर रेस्ट रूम बनाए जाने के लिए जब कर्मचारी पहुंचे तो उन्हें चाबी नहीं मिली। बताया गया है कि चाबी संबंधित डॉक्टर या उनके स्टाफ के पास है।

लेकिन कई बार कहने के बाद भी चाबी नहीं लौटाई गई तो तालों को तोड़ना ही बेहतर समझा। राजकीय मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना का कहना है कि चाबी जमा कराई या नहीं कराई इसका पता कराया जाएगा। यह गंभीर मामला है। कार्रवाई की जाएगी।

31 मार्च तक हैड़ाखान मंदिर और गर्जिया मंदिर बंद, मेला स्थगित
भीमताल के हैड़ाखान मंदिर को 31 मार्च तक पूर्ण रूप से बंद कर दिया गया है। मंदिर बंद होने से 25 मार्च से होने वाला नवरात्रि मेला भी स्थगित कर दिया गया है। मंदिर के व्यवस्थापक रागवेंद्र सिंह सम्मल ने बताया कि सरकार और जिला प्रशासन के निर्देशों के तहत 31 मार्च तक मंदिर बंद कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि मंदिर में रह रहे रूस, इटली, जर्मनी, स्विट्जरलैंड, ब्राजील सहित अन्य देशों के 60 विदेशी पर्यटकों को मंदिर खाली करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। रागवेंद्र ने बताया कि मंदिर में 10 दिन पूर्व ही सैलानियों और स्थानीय लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई थी। बता दें कि हैड़ाखान मंदिर में हर वर्ष सैकड़ों विदेशी पर्यटकों की आवाजाही रहती है।

अल्मोड़ा में चोखुटिया के अगनेरी मंदिर में लगने वाला पांच दिवसीय मेला स्थगित कर दिया गया है। यह मेला आगामी 28 मार्च से 01 अप्रैल तक लगने वाला था। रामनगर का गर्जिया मंदिर भी 31 मार्च तक बंद कर दिया गया। मन्दिर समिति के अध्यक्ष कुबेर सिंह अधिकारी ने इस बात की पुष्टि की है।

देहरादून पुलिस ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

डीआईजी अरुण मोहन जोशी ने कोरोना वायरस को लेकर अफवाहों पर अंकुश लगाने के लिए एक हेल्प लाइन नंबर जारी कर दिया है। उन्होंने लोगों से अफवाह की सत्यता जानने को 9412080720 पर मेसेज भेजकर पुष्टि करने का अनुरोध किया।

साथ ही आम लोग मेसेज कर अपने सवालों के जवाब भी पा सकते हैं। यह व्हाट्सएप नंबर 24 घंटे काम करेगा। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर पुलिस की पूरी नजर है। भ्रामक मैसेज भेजने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments